पूर्वी सिंहभूम। गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टूईलाडूंगरी राधाकृष्णा मंदिर के पास शुक्रवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब अज्ञात बदमाशों ने इलाके के निवासी लोचन कुमार पर फायरिंग कर दी। घटना देर रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बदमाशों ने लोचन कुमार पर दो गोलियां चलाईं, लेकिन गनीमत रही कि वे बाल-बाल बच गए। फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना पाकर गोलमुरी थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है। साथ ही रेकी करने के संदेह में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।

वहीं, लोचन कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका वॉशिंग सेंटर है और बहुत पहले उनका रविखेरा से विवाद हुआ था। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविखेरा और उसके साथ एक अन्य व्यक्ति ने मिलकर उन पर गोली चलाई है। वे गोली चलाने वालों को पहचानते तो हैं, लेकिन उनका नाम नहीं जानते। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version