पूर्वी सिंहभूम: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 34.7 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में बिहार के तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो गांजे की खेप को ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राकेश मोहन ने शनिवार को बताया कि आरपीएफ की उड़नदस्ता टीम को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर टाटानगर स्टेशन से दूसरे राज्य जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर स्टेशन परिसर में निगरानी बढ़ाई गई। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर तीन लोगों को रोककर उनके सामान की तलाशी ली गई, जिसमें उनके बैग से कुल 34.7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के अरवल जिले के इमामगंज निवासी अमित कुमार, गोपालगंज जिले के यादवपुर निवासी बबलू सिंह तथा अजीत कुमार शुक्ला के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने पुलिस को बताया कि वे हावड़ा–जगदलपुर एक्सप्रेस से गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे और यहां से बिहार जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।

जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसकी अंतिम डिलीवरी किस स्थान पर की जानी थी। पुलिस को आशंका है कि इस मामले के तार किसी अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि टाटानगर रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध कारोबार में संलिप्त सभी लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version