गढ़वा। झारखंड में चल रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत गढ़वा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के रमना थाना क्षेत्र अंतर्गत बुल्का गांव के गजनिया टोला में अवैध रूप से की जा रही गांजा की खेती का पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने खुलासा किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में करीब 300 वर्गमीटर क्षेत्र में लगी गांजा की फसल को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस दौरान कुल 118 किलोग्राम गांजा के पौधे बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि बुल्का गांव के गजनिया टोला निवासी संजय यादव अपने अर्धनिर्मित मकान के परिसर में अवैध रूप से गांजा की खेती कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अंचलाधिकारी विकास पाण्डेय की निगरानी में रमना थाना पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की। जांच के दौरान परिसर में बड़ी संख्या में गांजा के पौधे पाए गए, जिन्हें उखाड़कर जब्त किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए पौधों का कुल वजन 118 किलोग्राम था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पूरी फसल को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न हो सके। मामले में सनहा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध खेती में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं।

गढ़वा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार के नशा मुक्ति अभियान के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version