रांची। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अभियान की समीक्षा बैठक में सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को प्रतिदिन सुबह 6 बजे से घर-घर जाकर मतदाताओं तक पहुंचने और एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

उपायुक्त ने कहा कि सुबह के समय अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद रहते हैं। ऐसे में बीएलओ को इसी समय मतदाताओं से संपर्क कर अधिक से अधिक एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करने और भरे हुए फॉर्म एकत्र करने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि केवल फॉर्म वितरण ही नहीं, बल्कि उनका समय पर संग्रह और डिजिटलाइजेशन भी अभियान का अहम हिस्सा है। उन्होंने निर्देश दिया कि पहले चरण में अधिक से अधिक फॉर्म एकत्र किए जाएं और दूसरे चरण में उनका व्यवस्थित डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया बिना किसी देरी के पूरी हो सके।

डीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने और प्रतिदिन अभियान की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। जिन क्षेत्रों में कार्य की गति धीमी है, वहां अतिरिक्त प्रयास कर अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।

समीक्षा बैठक में डीआरओ, ईआरओ, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित शिक्षा, समाज कल्याण और प्रशासन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version