बाइक सवार अपराधियों का आतंक, स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
रांची: राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला बरियातू थाना क्षेत्र के पीछे स्थित विद्यापति मार्ग तेतर टोली गेट के पास का है, जहां दिनदहाड़े एक महिला से चेन छिनतई की घटना सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, महिला मार्केट से खरीदारी कर घर लौट रही थी, तभी दो बाइक सवार युवकों ने अचानक उसके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों बदमाश तेजी से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। हालांकि तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरियातू और आसपास के इलाकों में दिनदहाड़े चेन छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई करने और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version