अररिया: जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार देर शाम मिल्की डुमरिया वार्ड संख्या-3 स्थित बैजनाथ बहरदार के घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने 2.42 किलोग्राम गांजा और 10 लाख 88 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए।
छापेमारी के दौरान घर में मौजूद बैजनाथ बहरदार की दो पत्नियों अमला देवी और सीमा देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपित बैजनाथ बहरदार और उसका पुत्र पंकज बहरदार पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गए। छापेमारी के समय नरपतगंज के राजस्व अधिकारी रामउदगार चौपाल दंडाधिकारी के रूप में मौजूद थे।
इस अभियान का नेतृत्व फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने किया। उनके साथ अपर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार, उपनिरीक्षक रंजना कुमारी, रमेश कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक प्रदीप भारती, महिला पुलिस बल तथा एसएसबी के बीओपी प्रभारी सहायक सेनानायक राणा कुमार, उपनिरीक्षक रतन कुमार ब्रह्मा सहित अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस ने इस मामले में फुलकाहा थाना में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बैजनाथ बहरदार और उसके पुत्र पर नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त रहने तथा इसी अवैध गतिविधि से बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित करने का आरोप सामने आया है।



