रांची। राजधानी के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान स्थित वेंडिंग मार्केट के बाहर वर्षों से लग रहे साप्ताहिक सब्जी हाट पर शनिवार सुबह रांची नगर निगम ने बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सुबह करीब छह बजे भारी पुलिस बल के साथ शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगी सैकड़ों सब्जी दुकानों को हटा दिया गया। इस दौरान जेसीबी की मदद से कई अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया और दुकानदारों के स्टॉल व सामान जब्त कर ट्रकों में लोड कर लिए गए। निगम ने वेंडिंग जोन के अंदर बिना अलॉटमेंट चल रही दुकानों पर भी कार्रवाई की।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि मुख्य सड़क पर लगने वाले इस बाजार के कारण आए दिन मोरहाबादी इलाके में गंभीर ट्रैफिक जाम लग रहा था, जिससे आम जनता और वीआईपी मूवमेंट में परेशानी हो रही थी। जाम की समस्या से स्थायी मुक्ति के लिए ही यह अभियान चलाया गया।

दूसरी ओर, निगम की इस औचक कार्रवाई के विरोध में सैकड़ों सब्जी विक्रेता सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन इतना उग्र था कि कुछ विक्रेता निगम की गाड़ियों के आगे लेट गए। पीड़ितों का आरोप है कि प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना या वैकल्पिक व्यवस्था के यह कार्रवाई की है। अभियान के दौरान स्टॉल के साथ-साथ उनके पैसे भी जब्त कर लिए गए, जिससे सैकड़ों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

विक्रेताओं की मांग है कि या तो उनके लिए वेंडिंग जोन की तरह स्थायी सब्जी हाट की व्यवस्था की जाए, या फिर निगम उन्हें रोजगार दे। मोरहाबादी का यह हाट ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब किसानों के लिए आय का मुख्य जरिया रहा है। फिलहाल, मौके पर भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ने दुकानदारों को दूसरे स्थान पर जाने का प्रस्ताव दिया है, लेकिन विक्रेता पुराने स्थान पर ही अड़े हैं। अब हर किसी की नजरें प्रशासन और विक्रेताओं के बीच होने वाली वार्ता पर टिकी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version