कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने पूर्व बर्धमान जिले के बर्धमान शहर के एक रिहायशी इलाके से आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता के संदेह में एक युवक को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार युवक का कथित संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से है। उसकी पहचान हमीद मंडल के रूप में की गई है। हालांकि, जांच एजेंसियां उसकी वास्तविक पहचान और नाम की सत्यता की भी जांच कर रही हैं।

गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को बर्धमान अदालत में पेश किया गया। एसटीएफ के मुताबिक, हमीद मंडल को दुर्गापुर एक्सप्रेसवे के पास स्थित रेनेसां कॉम्प्लेक्स से पकड़ा गया, जहां वह किराये के एक फ्लैट में रह रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि इससे पहले वह न्यूटाउन इलाके में भी किराये के मकान में रह चुका था।

जांच एजेंसियों के अनुसार, न्यूटाउन में उसका ठिकाना मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के फ्लैट के आसपास के क्षेत्र में था। इसी वजह से एजेंसियां उसके वहां रहने के उद्देश्य और गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही हैं।

एसटीएफ सूत्रों का दावा है कि आरोपी मुख्यमंत्री की आवाजाही पर नजर रखता था और उनके न्यूटाउन स्थित आवास तक आने-जाने वाले रास्तों की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा था। तकनीकी जांच के दौरान उसके मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जैश-ए-मोहम्मद के कथित संपर्कों से जुड़े होने की बात सामने आने का दावा किया गया है।

कुछ जांच सूत्रों ने आशंका जताई है कि आरोपी पाकिस्तान का नागरिक हो सकता है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एजेंसियां उसकी नागरिकता, पहचान और संभावित आतंकी नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।

एसटीएफ अब बर्धमान और न्यूटाउन में आरोपी को फ्लैट उपलब्ध कराने वाले लोगों से भी पूछताछ करने की तैयारी में है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वह कितने समय से इन इलाकों में रह रहा था और क्या उसकी गतिविधियों की जानकारी आसपास के लोगों को थी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version