काठमांडू: नेपाल में हालिया सांप्रदायिक तनाव के बीच धनुषा जिले के सबैला नगरपालिका स्थित नहरचोक मंदिर परिसर में एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या किए जाने के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद शुरुआत में यह अफवाह फैल गई कि मंदिर के पुजारी की हत्या कर दी गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। हालांकि, कुछ घंटों बाद जिला पुलिस कार्यालय धनुषा ने स्पष्ट किया कि मृतक मंदिर के पुजारी नहीं थे। उनकी पहचान लगभग 40 वर्षीय बन्ठु राउत कडेरी के रूप में की गई है।

जिला पुलिस कार्यालय धनुषा के प्रवक्ता पुलिस उपाधीक्षक मधुसुधन न्यौपाने ने बताया कि मृतक अक्सर मजदूरी या अन्य कार्य करने के बाद मंदिर परिसर में आकर रात बिताया करते थे। उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षित खोजी कुत्तों के साथ विशेष जांच टीम को मौके पर तैनात किया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला आपराधिक वारदात प्रतीत हो रहा है। इसलिए लोगों से अपील की गई है कि घटना को किसी भी धार्मिक या सांप्रदायिक विवाद से जोड़कर न देखें। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version