रांची: नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि रांची नगर निगम के उपर शहर की साफ-सफाई रखना बड़ा दायित्व है। नगर निगम इस दिशा में काम कर रहा है। सफाई के लिए चयनित एजेंसी एमएसडब्ल्यू को थोड़ा गंभीर होना होगा कि शहर में गंदगी का अंबार नहीं लगे। श्री सिंह मंगलवार को रांची नगर निगम की ओर से नागाबाबा खटाल के पास मिनी ट्रांसफर स्टेशन का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई के लिए एमएसडब्ल्यू ने 15 सितंबर तक शहर को साफ करने के लिए कहा है। अगर 10 सितंबर तक सफाई हो जाती है, तो वह खुद एमएसडब्ल्यू के अधिकारियों को सम्मानित करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें रांची शहर ऐसा बनाना है कि सफाई के मामले में कोई तुलना नहीं कर सके। यह सिर्फ एमएसडब्ल्यू की जिम्मेवारी नहीं है। इसके लिए हमें भी मिलकर काम करना होगा। तभी यह संभव होगा। जब तक हम लोगों की सहभागिता नहीं होगा, तब तक स्मार्ट सिटी नहीं बन पायेगी। उन्होंने कहा कि हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि हमारे आसपास गंदगी का अंबार नहीं लगे। इस अवसर पर मेयर आशा लकड़ा, उप महापौर संजीव विजयवर्गीय, नगर आयुक्त शांतनु अग्रहरि, पार्षद सुनीता देवी और निकिता देवी उपस्थित थीं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version