धनबाद। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि खनिजों से भरे झारखंड प्रदेश की तरक्की का मार्ग प्रशस्त करें। खनिज देश की तरक्की के महत्वपूर्ण स्रोत है। झारखंड इस मामले में धनी है। कंपनियां पर्यावरण हितैशी खनन पर जोर दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छ ऊर्जा पर जोर देते हैं। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए खनन उद्योगों की अहम भूमिका है। पर इससे जनमानस और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव के पति संजीदा होना भी जरूरी है। खनन की आधुनिक तकनीक को अपना कर इसे पर्यावरण अनुकूल बनाना होगा। भारतीय वैज्ञानिक इसके प्रति गंभीर हैं। आनेवाले समय में केंद्रीय खनन एवं ईधन अनुसंधान संस्थान (सिंफर) इस क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभायेगा।
शुक्रवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू सिंफर में आयोजित दो दिवसीय नेशनल सेमिनार के उद्घाटन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं। दो दिनी टेक्नोलॉजिकल एडवांसमेंट एंड इमर्जिंग माइनिंग मेथड्स विषयक सेमिनार को संबोधित कर रही थी। राज्यपाल ने कहा कि धनबाद में आइआइटी, सिंफर और इंस्टीट्यूशन आॅफ इंजीनियर्स धनबाद चैप्टर की ओर से आयोजित सेमिनार पर्यावरण अनुकूल खनन तकनीक विकसित करने का रोड मैप तैयार करेगा।
स्मारिका का भी विमोचन किया : खनन की प्रौद्योगिकीय प्रगति और उभरती पद्धतियों पर आयोजित सेमिनार में राज्यपाल ने कहा धनबाद में आइएसएम, बीआइटी सिंदरी और बीसीसीएल जैसी कंपनियां हैं और इस वजह से सिंफर जैसे शीर्ष वैज्ञानिक संस्थान को यहां स्थापित किया गया है। इससे पूर्व उन्होंने स्मारिका का भी विमोचन किया। सिंफर के नये प्रशासनिक ब्लॉक और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का उद्घाटन किया। सिंफर निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने उन्हें पुस्तक और स्मृति चिन्ह भेंट किया। आयोजन सचिव एसके सिंह ने सेमिनार के उद्देश्यों की जानकारी दी। सेमिनार में को एनसीएल सीएमडी पी के सिन्हा, सिंफर के निदेशक पीके सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में नॉर्दर्न कोलफिल्ड लिमिटेड के सीएमडी पीके सिन्हा, आइआइटी आइएसएम के निदेशक राजीव शेखर, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विवि के कुलपति डॉ. अंजनी कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य देश-विदेश के आए प्रतिनिधि मौजूद थे। दो दिनी सेमिनार में खनन प्रौद्योगिकी से संबंधित 44 पेपर प्रस्तुत किए जाएंगे। खनन क्षेत्र से जुड़े दो सौ प्रतिनिधि मंथन करेंगे। देशभर से 26 खनन संबंधी कंपनियों के प्रतिनिधि सेमिनार में शामिल हैं।