रांची. राजधानी में डेंगू और चिकनगुनिया तेजी से पैर पसार रहा है। कई घरों में डेंगू का लार्वा पनप रहा है। उसे खत्म करने के लिए सोमवार को रांची नगर निगम की 15 टीम हिंदपीढ़ी क्षेत्र में पहुंची। निगम के सिटी मैनेजर के नेतृत्व में टीम के सदस्यों ने 100 से अधिक घरों की जांच की। इस दौरान कई घरों में मच्छर का लार्वा पाया गया।
पूरे क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया : टीम के सदस्यों ने मच्छर मारने वाली दवा का छिड़काव कर लार्वा को नष्ट किया। साथ ही पूरे क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। लोगों के घर के अंदर भी जाकर नालियों की सफाई की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को बताया कि डेंगू और चिकनगुनिया होने की स्थिति में उसकी पहचान कैसे की जा सकती है। साथ ही उससे बचाव के उपाय भी बताए गए।
78 घरों में मच्छरों के लार्वा पाए गए थे : राजधानी में चिकनगुनिया और डेंगू पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इन बीमारियों का दायरा भी बढ़ता जा रहा है। कई और मुहल्लों के चपेट में आने की आशंका बढ़ गई है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम जब वार्ड-16 स्थित कर्बला चौक पहुंची और आसपास के घरों का सर्वे शुरू किया तो अधिकारियों के होश उड़ गए। सामान्य घरों के अलावा कई मल्टीस्टोरी घरों में भी मच्छर के लार्वा पनपते मिले। गमलों समेत अन्य अनुपयोगी पड़े बर्तनाें में जमा पानी था, जिसमें लार्वा थे। कुल 233 घरों की जांच की गई। इनमें 78 घरों में मच्छरों के लार्वा पाए गए। टीम ने 469 कंटेनर की भी जांच की, जिनमें 103 कंटेनर की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इसके बाद निगम के कर्मचारियों ने साफ-सफाई की और मच्छर मारने वाली दवा का भी छिड़काव किया गया। नालियों की सफाई के साथ फॉगिंग भी की गई।