नई दिल्ली। साउथ-वेस्ट दिल्ली के वसंत कुंज में 9 साल की बच्ची से रेप के बाद आक्रोशित लोगों और पुलिस में झड़प के बाद तनाव का माहौल है। गुस्साए लोगों और पुलिस के बीच झड़प में कई लोग जख्मी हुए हैं। घायलों में एसीपी समेत 11 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। आक्रोशित लोगों ने पथराव भी किया है। झाड़ियों में शौच के लिए गई 9 साल की बच्ची के साथ बुधवार को रेप हुआ था। बच्ची ने आरोपी का जो हुलिया बताया, उसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त कर उसे गिरफ्तार किया। भीड़ ने पुलिस से आरोपी को उनके हवाले करने और खुद मौके पर ही इंसाफ की मांग की जिसके बाद पुलिस और भीड़ में झड़प हो गई। भीड़ ने शुक्रवार रात करीब 4 घंटे तक हंगामा काटा।
जंगल में शौच के लिए गई 9 साल की बच्ची को उठाकर उसके साथ रेप करने वाला आरोपी इलाके में ही कूड़ा चुनने का काम करता था। बुधवार रात को बच्ची के साथ इस घटना को अंजाम देने के अगले दिन उसने दूसरी बच्ची को उठाने की कोशिश भी की थी। कुछ लोगों ने उसे देख लिया। इसके बाद उसे पकड़कर पिटाई की गई। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मामला साउथ-वेस्ट दिल्ली के वसंत कुंज (साउथ) थाना इलाके में आने वाली रंगपुरी झुग्गियों का है। गिरफ्तार आरोपी का नाम प्रकाश (30) है। वह इलाके में कूड़ा बीनने का काम करता था। पीड़ित बच्ची चौथी कक्षा में पढ़ती है। वह फिलहाल सरकारी अस्पताल में भर्ती है। बच्ची की काउंसलिंग भी कराई जाएगी। बुधवार रात बच्ची शौच के लिए पास के जंगलों में गई थी। वहां पहले से घात लगाए बैठे प्रकाश ने बच्ची को उठा लिया। इसके बाद जंगलों में अंदर ले जाकर बच्ची के साथ रेप किया। इसके बाद वह बच्ची को वहीं छोड़कर फरार हो गया।