रांची. हिंदपीढ़ी में चिकनगुनिया और डेंगू के फैलने के बाद गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने इस क्षेत्र का मुआयना किया। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने हिंदपीढ़ी में प्राइमरी हेल्थ सेंटर खोलने की घोषणा की। स्वास्थ्य मंत्री ने लहू बोलेगा सामाजिक संस्था के कार्यों की भी सराहना की। लहू बोलेगा के डॉक्टर असलम परवेज के अनुरोध पर स्वास्थ्य मंत्री हिंदपीढ़ी का जायजा लेने पहुंचे थे। स्वास्थ्य मंत्री को लोगों ने हिंदपीढ़ी सहित शहर के अन्य इलाकों में फैल रहे चिकनगुनिया और डेंगू के बारे में जानकारी दी।
इलाज में तेजी लाने का निर्देश दिया
उन्होंने पदाधिकारियों को इलाज में तेजी लाने का निर्देश दिया। उनके साथ स्वास्थ्य सचिव निधि खरे, एनआरएचएम के डायरेक्टर और सिविल सर्जन सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। लहू बोलेगा टीम के संयोजक नदीम खान, पार्षद साजिदा खातून, मंजर इमाम, औरंगजेब खान, मंजर मुजीबी और समाजसेवी शमशेर आलम सहित अन्य लोगों ने स्वास्थ विभाग की ओर से लगाए जा रहे कैंप के बारे में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री भी इस मामले पर हैं गंभीर
हिंदपीढ़ी में फैली बीमारी के बाद झारखंड सरकार पूरी तरह से सतर्क हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी हिंदपीढ़ी के झारखंड तंजीम स्वास्थ्य कैंप में पहुंचे और प्रभावित इलाकों का दौरा कर मरीजों से मिले। उन्होंने कहा कि इस मामले पर मुख्यमंत्री रघुवर दास लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं, निधि खरे ने कहा कि युवा टोली बनाकर घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और स्वच्छता अभियान पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि अपने आसपास पानी नहीं जमने दें और मच्छर को नहीं पनपने दें।
लगातार बढ़ रहे चिकनगुनिया और डेंगू के मरीज
राजधानी में चिकनगुनिया और डेंगू मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को लिए गए 66 मरीजों के ब्लड सैंपल की जांच में 25 को चिकनगुनिया और 03 मरीजों में डेंगू और चिकनगुनिया दोनों पाए गए हैं। बुधवार को भी हिंदपीढ़ी और प्रभावित इलाकों में मेडिकल कैंप लगा। इसमें 396 मरीजों का इलाज हुआ। अब तक रिम्स में 521 मरीजों के ब्लड सैंपल की जांच में 180 मरीजों में चिकनगुनिया मिला है। वहीं, 31 में को डेंगू मिला है। 09 मरीजों में चिकनगुनिया अौर डेंगू दोनों पाए गए हैं। निजी जांच घरों में रोज 10 मरीजों की पहचान हो रही है।