धनबाद. रंजय सिंह हत्याकांड के आरोपी नंदकिशोर सिंह उर्फ मामा को धनबाद पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। यहां कोर्ट ने नंदकिशोर सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। धनबाद कोर्ट ने मामा को 8 अगस्त तक हाजिर करने का समय पुलिस को दिया था। सरायढेला पुलिस नंदकिशोर सिंह को रिमांड पर लेने की आग्रह करेगी। पुलिस नंदकिशोर सिंह को मंगलवार देर रात धनबाद लेकर पहुंची थी।
पुलिस मानती है नंदकिशोर को रंजय हत्याकांड का मुख्य आरोपी
आरा सदर अस्पताल में तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कराने के बाद कोर्ट और जेल प्रशासन ने नंदकिशोर सिंह को धनबाद ले जाने की इजाजत दे दी थी। दोपहर 2 बजे धनबाद पुलिस उसे लेकर आरा से रवाना हुई और देर रात धनबाद पहुंची। 29 जनवरी 2017 को चाणक्य नगर में रंजय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। धनबाद पुलिस नंदकिशोर सिंह को इस मामले में मुख्य आरोपी मानकर उसकी तलाश कर रही थी। 2 अगस्त को वह भोजपुर स्थित अपने पैतृक गांव में गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद आरा के पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले में उसे जेल भेज दिया था।
कोर्ट-जेल से पहले ही दे चुके थे इजाजत
आरा की अदालत और जेल प्रशासन ने सोमवार को ही नंदकिशोर सिंह को धनबाद ले जाने की इजाजत धनबाद पुलिस को दे दी थी, लेकिन सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डाॅ. सुमन कुमार सिंह ने रोक दिया था। उन्होंने कहा था कि नंदकिशोर सिंह की स्वास्थ्य समस्या की मेडिकल बोर्ड से जांच के बाद ही उसे धनबाद भेजना ठीक होगा। मंगलवार को दिन के 11 बजे डॉ. एमएच अंसारी, आशुतोष कुमार और केएस चौबे ने मामा की जांच की। उनकी रिपोर्ट पर उसे धनबाद भेजने का फैसला किया गया।
नंदकिशोर सिंह से कई सवालों के जवाब चाहती है पुलिस
आरा में गिरफ्तारी के बाद नंदकिशोर सिंह ने स्वीकारोक्ति बयान में रंजय की हत्या करने की बात मान ली थी। उसने कुछ अौर नाम पुलिस को बताए थे, लेकिन धनबाद पुलिस इसे गुमराह करने की कोशिश मान रही है। पुलिस उससे कई सवालों के जवाब जानना चाहती है।
– हत्याकांड की साजिश किसने रची थी?
– हथियार किसने उपलब्ध कराए थे?
– बाइक किसने उपलब्ध कराई थी?
– मामूली विवाद में ही हत्या क्यों कर दी गई?
– हत्या के बाद बाइक को कहां छिपाया गया?
– हत्या के समय कौन-कौन मामा के साथ थे और उसके बाद वे कहां छिपे रहे?