बोकारो। सीएम रघुवर दास ने रक्षाबंधन में झारखंड की 43 लाख बहनों को डबल गैस सिलेंडर का गिफ्ट दिया है। उज्ज्वला योजना के तहत इन बहनों को मुफ्त में भरा हुआ सिलेंडर दिया जायेगा। कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी के दिन झारखंड के सभी प्रमंडलों में विशेष कार्यक्रम कर उज्ज्वला योजना की लाभुक सभी 43 लाख महिलाओं को राज्य सरकार की तरफ से दूसरा भरा हुआ सिलेंडर मुफ्त दिया जायेगा। यह झारखंड की बहनों को मुख्यमंत्री की तरफ से राखी के त्योहार का उपहार होगा। इस मौके पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और सीएम रघुवर दास ने बोकारो के राधानगर गांव में 250 करोड़ की लागत से बन रहे आयल डिपो तथा बियाडा के औद्योगिक क्षेत्र में 100 करोड़ की लागत से बननेवाले एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की आधारशिला रखी।
बोकारो के सेक्टर पांच स्थित पुस्तकालय मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि दोनों परियोजनाओं से बोकारो में लगभग 1000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। वहीं कई हजार लोगों को भी इन परियोजनाओं से अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास वहां पेट्रोल और डीजल की खपत में हुई बढ़ोतरी से नापा जा सकता है। देश के बड़े शहरों में 7-8 प्रतिशत की दर से पेट्रोल-डीजल की खपत बढ़ रही है, वहीं झारखंड के बड़े शहरों में 15 प्रतिशत की दर से पेट्रोल- डीजल की मांग में बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। यह आंकड़ा इस बात का सूचक है कि झारखंड देश के अन्य हिस्सों के मुकाबले दोगुनी रफ्तार से विकसित हो रहा है।
इनकी रही मौजूदगी : सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पीएन सिंह, ज्योतिर्मय महतो, मंत्री अमर कुमार बाउरी, विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, बिरंची नारायण, डीआइजी प्रभात कुमार, डीसी कृपानंद झा समेत अन्य मौजूद थे।
केंद्र करेगा दस हजार करोड़ का निवेश: प्रधान
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बियाडा में लगाये जा रहे एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से रोजाना ढाई सौ ट्रक बोकारो से निकलेंगे और राज्य के विभिन्न शहरों में गैस की सप्लाई करेंगे। इसकी वजह से भी बहुत से लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। बताया कि झारखंड में पेट्रोल की डिमांड कर चार वर्षों में 61 प्रतिशत बढ़ी है। यह इस बात को दर्शाता है कि लोग साइकिल से मोटरसाइकिल की तरफ बढ़ रहे हैं और यह झारखंड के आर्थिक-सामाजिक विकास का बहुत ही बड़ा सूचक है। केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि आने वाले वर्षों में 10,000 करोड़ पेट्रोलियम एवं औद्योगिक क्षेत्र में लगायी जा रही विभिन्न परियोजनाओं और कारखानों में खर्च किये जायेंगे। भारत सरकार का लक्ष्य है कि 2030 तक 300 मिलियन टन स्टील का प्रोडक्शन पूरे देश में हो, जिसका एक बहुत बड़ा हिस्सा झारखंड से आयेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के चहुंमुखी विकास के सपने को दर्शाते हुए कहा कि पूर्वी भारत का विकास होगा, तभी भारत का विकास होगा।
पूरे झारखंड में गैस और पेट्रोल-डीजल की सप्लाई
बियाडा के औद्योगिक क्षेत्र में 20 एकड़ भूमि पर निर्माणाधीन एलपीजी बॉटलिंग प्लांट झारखंड में गैस वितरण के लिए सिलेंडर रिफिल टर्मिनल प्वाइंट होगा। यहां से पूरे झारखंड में भरे हुए गैस सिलेंडर का वितरण होगा। वहीं राधा नगर ग्राम में 73 एकड़ जमीन पर निर्माणाधीन इस आयल डिपो में तेल का भंडारण किया जायेगा। इस आॅयल डिपो से पूरे झारखंड के पेट्रोल पंप में पेट्रोल-डीजल का वितरण किया जायेगा। बीपीसीएल द्वारा राधा नगर में निर्माणाधीन आॅयल डिपो में फिलहाल तेल की आपूर्ति ट्रेन के माध्यम से की जायेगी। मगर निकट भविष्य में इसे असम स्थित नुमालीगढ़ रिफायनरी से पाइप के माध्यम से जोड़ दिया जायेगा। नुमालीगढ़ रिफाइनरी से पाइप से जुड़ने के बाद इस आॅयल डिपो में तेल का अनवरत आपूर्ति सुनिश्चित हो जायेगी।
उज्ज्वला योजना के तहत भरा हुआ सिलेंडर मिलेगा : CM
Previous Article370 मुक्त जम्मू कश्मीर भारत की दूसरी आजादी है
Next Article राजनीतिक वर्ग से निराश हैं ब्रिटिश महारानी
Related Posts
Add A Comment