केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने बिहार के बाढ़ पीड़ितों के लिए गुरुवार को ‘मेडिसिन वैन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुंडा ने समाज के प्रति नि:स्वार्थ सेवा के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी भोरे लाल और ठाकुरद्वारा ट्रस्ट की उनकी टीम द्वारा किए गए नेक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुसीबत के वक़्त लोगों की मदद करना ही मानव धर्म है।
केंद्रीय मंत्री ने उम्मीद जताई कि ठाकुरद्वारा ट्रस्ट टीम के प्रयास संकट की इस घड़ी में बिहार के बाढ़ पीड़ितों के काफी काम आएंगे। उन्होंने ठाकुरद्वारा ट्रस्ट की सहायता के लिए उसका धन्यवाद किया।
उल्लेखनीय है कि बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए 15 लाख रुपये की दवा सहायता ठाकुरद्वारा ट्रस्ट, जोरबाग, दिल्ली द्वारा प्रदान की गई है। इसके साथ ही बाढ़ पीड़ितों की सेवा के लिए लगभग दो हजार स्वयंसेवक जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं।