अयोध्या। श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन का समारोह ऐतिहासिक है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ केे प्रमुख मोहन भागवत भी सम्मिलित हो रहे हैं। रामलला दरबार को थाइलैंड के मनमोहक फूल, कहीं गेंदे के पीले फूलों की लड़ी तो कहीं रंग-बिरंगे फूल अपनी महक से सम्मोहित कर रहे हैं। गलियों में हलवाईयों की दुकानों से उठ रहे मोतीचूर और बेसन के लड्डू की महक मदहोश कर रही है। पूरी राम नगरी श्रद्धा और उल्लास के माहौल में है। नगर में कहीं रामचरित मानस का अखंड पाठ हो रहा है तो कहीं ढोलक खंजरी पर सोहर गूंज रही है। गलियों से महिलाओं के खिलखिलाने की आवाजें आ रही हैै।वहीं मंदिरों से साधुओं का रामनाम जाप हो रहा है। कोई कलश सजाने में मग्न है तो कोई दरवाजे पर रामनाम की पट्टिका टांग रहा है। हर ओर राम का नाम गूंज रहा है। सभी को भूमि पूजन का इंतजार है। जयश्रीराम का उद्घोष,राममंदिर के भूमि पूजन समारोह से अंजान छोटे बच्चे पिपहरी बजा रहे हैं। बीच-बीच में अचानक जयश्रीराम के नारे से पूरा वातावरण गूंज उठता है।



