आजाद सिपाही संवाददाता

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपायुक्त धनबाद को भूली निवासी कोरोना संक्रमित महिला और उनके दो बच्चों को मदद करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी कदम उठायें। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना की इस लड़ाई को हमें मिलकर लड़ना है। कृपया मास्क का उपयोग करें तथा नियमों का सख्ती से पालन करें। दरअसल, मुख्यमंत्री को जानकारी दी गयी कि धनबाद स्थित भूली निवासी एक महिला एवं उसके दो बच्चे कोरोना संक्रमित पाये गये। वे इलाज के लिए जब पहुंचे, तो पीएमसीएच कोविड केयर सेंटर के बरामदे में बैठ कर उन्हें रात गुजारनी पड़ी।

बोकारो डीसी को सीएम का निर्देश

मुख्यमंत्री ने बोकारो के उपायुक्त को गोमिया प्रखंड के महुआटांड़ स्थित गागपुर निवासी चुन्नूलाल सोरेन को हरसंभव सरकारी मदद पहुंचाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री को जानकारी दी गयी कि बोकारो जिला के महुआटांड़ थाना क्षेत्र स्थित गागपुर निवासी झारखंड आंदोलनकारी 70 वर्षीय चुन्नूलाल सोरेन लकवा से ग्रसित हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण अपना इलाज नहीं करा पा रहे हैं।

खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार कृतसंकल्पित : हेमंत

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपायुक्त धनबाद को बाघमारा निवासी अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी संगीता सोरेन और उनके परिवार को जरूरी सरकारी मदद से लाभान्वित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार कृतसंकल्पित है। जल्द ही खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार नीति और कार्यप्रणाली के साथ जनता के समक्ष आने वाली है। दरअसल, मुख्यमंत्री को जानकारी दी गयी कि धनबाद के बाघमारा निवासी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर संगीता सोरेन पत्तल बनाकर अपने परिवार का भरण पोषण को मजबूर है। संगीता ने 2018 में भूटान सहित एशिया के कई देशों में देश का नाम रोशन किया, लेकिन आज संगीता की सुध लेने वाला कोई नहीं है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version