- आजसू पार्टी की पाठशाला में कार्यकर्ताओं को पढ़ाया जायेगा विचारधारा का पाठ
- झारखंड के जन-जन में अपनी पैठ बनाना चाहती है आजसू पार्टी
- एक लाख सक्रिय और दस लाख साधारण कार्यकर्ता बनाने का पार्टी ने रखा है लक्ष्य
- दयानंद राय
कोरोना काल की दूसरी लहर के बाद फार्म में लौटी आजसू पार्टी जल्द ही अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए विचारधारा की पाठशाला सजानेवाली है। इस पाठशाला में पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो और पार्टी के सीनियर नेता शिक्षक की भूमिका में रहेंगे और उन्हें पार्टी की विचारधारा से अवगत करायेंगे। बीते दिनों चतरा, गोड्डा और पाकुड़ जिले के 29 पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में इसकी भूमिका तैयार हो चुकी है। इस कार्यक्रम में सुदेश ने कहा कि आजसू पार्टी हर प्रखंड में ऐसे नेताओं और कार्यकर्ताओं की फौज तैयार करेगी, जिन्हें झारखंड और झारखंड के राजनीतिक विषयों की जानकारी हो और जो हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहें। इसी लक्ष्य के साथ जल्द ही राज्य के प्रत्येक प्रखंड में आजसू पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा।
इसलिए जरूरी है विचारधारा का पाठ
आजसू के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने बताया कि आजसू पार्टी राज्य के सभी 260 प्रखंडों में प्रखंड प्रभारियों की नियुक्ति कर चुकी है। पार्टी में नये लोगों की आमद हुई है ऐसे में उन्हें पार्टी की विचारधारा से लैस करना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी की ओर से प्रशिक्षण कार्यशाला को डिजाइन किया गया है। इसके जरिये कार्यकर्ताओं को धारदार बनाने और पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड संघर्ष से बना राज्य है और आजसू पार्टी भी संघर्ष से उपजी पार्टी है। झारखंड के जन-जन की लड़ाई आजसू पार्टी लड़ेगी और इसके लिए जरूरी है कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा से लैस हों।
यह होगा फायदा
आजसू पार्टी अब तक 20 जिलों के 224 प्रखंड पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिला चुकी है। जैसे ही सभी 260 प्रखंड पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण का काम पूरा होगा। आजसू पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करेगी। इस कार्यशाला से पार्टी और पार्टी के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं का सुर एक हो जायेगा। इसके बाद पार्टी अपने लक्ष्यों को अमलीजामा पहनाने की दिशा में बढ़ चलेगी।
Related Posts
Add A Comment