आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान की प्रदेश संयोजक गंगोत्री कुजूर ने कहा है कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रदेश भाजपा राज्य के हर गांव के लिए दो-दो स्वास्थ्य स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित करेगी। वह प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना से अभूतपूर्व लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सेवा ही संगठन अभियान के दौरान स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की आवश्यकता पर चर्चा की थी। भाजपा ने अपना बूथ, कोरोना मुक्त अभियान भी चलाया था।
स्वास्थ्य स्वयंसेवकों को तैयार करने के पीछे यह सोच है कि इससे न केवल कोविड से मुक्ति पाने में देश को मदद मिलेगी, बल्कि स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की एक फौज भी तैयार होगी। इस विजन को जमीन पर उतारने के लिए 28 जुलाई को भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में स्वास्थ्य स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान का श्रीगणेश किया गया था। श्रीमती कुजूर ने बताया कि 9 अगस्त को प्रदेश कार्यालय में जिला स्वास्थ्य स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण होगा, जबकि 16 अगस्त तक मंडल स्तरीय टोलियों के स्वास्थ्य स्वयंसेवक तथा 31 अगस्त तक पार्टी ग्राम स्वास्थ्य स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित करेगी। इस अभियान के तहत झारखंड के 32623 गांवों के लिए 65246 स्वयंसेवकों को भाजपा प्रशिक्षित करेगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक झारखंड प्रदेश की टोली में गंगोत्री कुजूर के अलावा प्रदेश प्रवक्ता सरोज सिंह, डॉक्टर राजीव कुमार तथा आइटी सेल के विवेक विकास शामिल हैं।