रांची। झारखंड के सरकारी स्कूलों में आज से कक्षाएं शुरू हो रही हैं। शुक्रवार से नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं शुरू की जा रही है। स्कूलों में अभी सिर्फ चार घंटे ही क्लास चलेगी। इस संबंध में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से राज्य के सभी जिलों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार झारखंड में 2286 हाईस्कूल और प्लस टू विद्यालयों में कक्षा का संचालन शुरू हो रहा है। लगभग चार महीने बाद विद्यालयों में पढ़ाई शुरू हो रही है। स्कूलों में सुबह आठ से 12 बजे तक कक्षाएं चलेंगी। इसके पूर्व दिसंबर में विद्यालय खोले गए थे। लेकिन कोरोना संक्रमण को देखते हुए अप्रैल में फिर से विद्यालय बंद कर दिया गया था।
उल्लेखनीय है कि स्कूलों के खोलने को लेकर विभागीय सचिव की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। निर्देश में कहा गया है कि जो भी शिक्षक ऑफलाइन कक्षा लेने स्कूल आएंगे, उन्हें वैक्सीन का दोनों डोज लेना अनिवार्य होगा। वैक्सीनेशन के बाद ही शिक्षक स्कूल में उपस्थित होंगे। इस दौरान अभिभावकों की सहमति से ही बच्चों को स्कूल बुलाने की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही सभी प्रकार के स्कूल ऑनलाइन माध्यम से भी अन्य सभी कक्षाओं का संचालन पूर्व की तरह करते रहेंगे। मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाए रखना और सैनिटाइजर का उपयोग करना अनिवार्य किया गया है।