रांची। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और पेयजल मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा है कि अंकिता के हत्यारे को फांसी दिलायी जायेगी। नेपाल हाउस में अपने मंत्रालय कक्ष में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में मंत्रियों ने कहा कि अंकिता केवल दुमका की नहीं, पूरे राज्य की बेटी थी। रिम्स में उसके इलाज में कोई कमी नहीं रखी गयी थी। सरकार उसके हत्यारों को फांसी की सजा दिलाकर रहेगी। अपराधियों, आतंकियों का कोई धर्म नहीं होता।
इसी के साथ मंत्रियों ने मामले को लेकर भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस पर राजनीति कर रही है। राज्य सरकार इस विषय पर संवेदनशील है। हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्पीडी ट्रायल कर उसे फांसी की सजा तक पहुंचाया जायेगा।
बन्ना गुप्ता ने कहा कि हम लोग जियो और जीने दो के सिद्धांत पर चलने वाले लोग हैं। राजनीति में वैचारिक मतभेद होते हैं। आटे में नमक हो चलेगा, लेकिन नमक में आटा बर्दाश्त नहीं। झारखंड की जनता और सेवा के लिए हम लोग कार्य कर रहे हैं। कोविड के बाद हम लोग जनहित के लिए कार्य कर रहे हैं, तो विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है। आज जो स्थिति है, उससे हॉर्स ट्रेडिंग की बू आ रही है। भाजपा क्यों पीठ में छुरी मार रही है, इससे अच्छा है कि डायरेक्ट 356 लगा कर हमारी सरकार को बर्खास्त कर दे।
राजभवन पर भरोसा जताते हुए मंत्रियों ने कहा कि हमें अपनी संवैधानिक संस्था और राजभवन पर पूरा विश्वास है। हम राजभवन से आशा करते हैं कि वे न्याय करेंगे। इस घटना का पटापेक्ष करेंगे, ताकि जनता की सेवा वे कर सकें। जनता ने इसी के लिए हमें समर्थन देकर जिताया है।