- -पांच विद्यार्थियों को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में पढ़ने का मौका मिलेगा: मुख्यमंत्री
रांची। झारखंड के पांच विद्यार्थियों को विदेशी यूनिवर्सिटी में उच्च शिक्षा पाने का मौका झारखंड सरकार देगी। राज्य के एसटी, एससी और अल्पसंख्यक छात्रों को यह मौका मिलेगा। इसके लिए राज्य सरकार चयनित विद्यार्थी को शेवनिंग मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा स्कालरशिप का लाभ देगी। इस बाबत मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में झारखंड सरकार और ब्रिटिश सरकार के बीच एमओयू हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ब्रिटिश हाई कमिश्नर एलेक्स एलिस भी उपस्थित थे।
आज हुआ एमओयू ऐतिहासिक माना जा रहा है। क्योंकि, देश में पहली बार किसी राज्य सरकार के साथ साझा पारदेशीय छात्रवृत्ति को लेकर एमओयू हुआ है। इस स्कालरशिप को शेवनिंग मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा स्कालरशिप योजना का नाम दिया गया है। लॉन्चिंग समारोह के मौके पर मंत्री चंपई सोरेन, हफीजुल हसन अंसारी, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) अरूण कुमार सिंह, आदिवासी कल्याण सचिव केके सोन समेत अन्य भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय से यहां के पांच छात्र छात्राओं को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में पढ़ने का मौका मिलेगा। वे उच्च शिक्षा की अपनी ख्वाहिश वहां पूरी कर सकेंगे। देश में पारदेशीय छात्रवृति को लेकर ऐसा ऐतिहासिक एमओयू पहली बार हुआ है। राज्य के एसटी और एससी , पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को झारखंड सरकार एवं ब्रिटिश हाई कमिशन द्वारा शेवनिंग मरङ गोमके जयपाल सिंह मुंडा छात्रवृत्ति प्रदान की जायेगी।
एमओयू के तहत प्रत्येक शैक्षणिक वर्ष के लिए शेवनिंग मरङ गोमके जयपाल सिंह मुंडा छात्रवृत्ति योजना के लिए झारखंड के अधिकतम पांच युवाओं का चयन होगा। चयनित युवाओं की पढ़ाई का सम्पूर्ण व्यय झारखंड सरकार एवं विदेश राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय ब्रिटिश उच्चायोग,(एफसीडीओ) द्वारा संयुक्त रूप से किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि ब्रिटिश सरकार द्वारा 1983 से 150 देशों में शेवलिंग स्कालरशिप योजना चलायी जा रही है। इसके तहत चयनित स्टूडेंट को मास्टर प्रोग्राम के लिए ब्रिटेन में पढ़ने का मौका मिलता है। अब झारखंड सरकार के साथ हुए एमओयू के बाद 2023-24 के लिए इस प्रोग्राम के तहत यहां के विद्यार्थियों को ब्रिटेन में पढ़ने का मौका मिलेगा। भेजे जाने वाले स्टूडेंट को 100 फीसदी स्कालरशिप मिलेगी।