रामगढ़। पतरातू प्रखंड के होटल व्यवसाय रोशन साहू की हत्या के बाद आजसू ने भी जिला प्रशासन के खिलाफ कड़ी टिप्पणी की है। आजसू जिला अध्यक्ष दिलीप दांगी ने सोमवार को कहा कि रामगढ़ जिले में पुलिस व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। यहां व्यवसायियों पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा है की जिले में भ्रष्टाचार का ग्राफ पहली बार इतना बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि समाज का हर व्यक्ति खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है। पुलिस सिर्फ दुपहिया वाहन जांच में परेशान है। अपराधियों पर लगाम लगाने को ले इतनी तत्परता रहती तो आज ये भयावह स्थिति न होती। ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों को शीर्ष सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। पतरातू प्रखंड का हाल और बुरा है। आए दिन हत्याएं हो जा रही हैं। जल्द हीं रौशन साव के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आजसू जोरदार आंदोलन करेगी।