अररिया। अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह के आवास पर भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को उनकी पुण्यतिथि पर आज याद किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में मौजूद भाजपाइयों ने उनके तैल चित्र पर पुष्प और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में देखी गई समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत परिकल्पना को लेकर चर्चा की गई।
मौके पर मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने जनसंघ से जुड़े भाजपा नेता अटल बिहारी वाजपेई के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व वाली सरकार ने संपूर्ण भारत को जोड़ने के लिए स्वर्णिम चतुर्भुज योजना का क्रियान्वयन किया था और आज पूरा देश सड़क मार्ग से जुड़ा हुआ है। उन्होंने उनके द्वारा देखे गए सपने और बाढ़ से निजात को लेकर नदियों की जोड़ने की परियोजना का जिक्र किया। उनके नेतृत्व काल में पोखरण में परमाणु परीक्षण को ऐतिहासिक कदम करार दिया।वहीं नगर अध्यक्ष संजय अकेला ने उसके विद्वता का जिक्र की बात करते हुए बताया कि किस तरह विपक्ष में रहने के बावजूद भारत की ओर से यूएनओ में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया था और हिन्दी में भाषण देकर मिसाल स्थापित की थी।
मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई न केवल सियासत करने वाले थे बल्कि स्वयं में एक विचारधारा थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज अटल विचारधारा को आत्मसात करते हुए लगातार आगे बढ़ रही है और देश दुनिया में भारत का आधिपत्य स्थापित हो रहा है। सांसद ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेई के द्वारा देखे गए सपने को साकार करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिन रात लगे हुए हैं।उन्होंने कहा कि बाजपेई जी की विचारधारा न केवल देश में,बल्कि दुनिया में भाजपा के द्वारा पहुंचाई जा रही है।