जसीडीह | झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने देवघर विधानसभा में आयोजित संकल्प यात्रा के दौरान जसीडीह हाईस्कूल मैदान में झमाझम बारिश के बीच हेमंत सरकार पर हमला कर राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया।

परिवारवाद और तुष्टिकरण पर कांग्रेस, JMM को घेरा
मरांडी ने कहा कि जब तक परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति होगी, झारखंड की जनता को कभी न्याय नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त करने के लिए 2024 में एक बार फिर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।

जनसभा में मौजूद लोगों से अपील करते हुए बाबूलाल ने कहा कि मैं भ्रष्ट हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प दिलाने आया हूं। इस दौरान मरांडी ने बांग्लादेशी घुसपैठिये का मुद्दा भी उठाया।

बांग्लादेशी घुसपैठ का उठाया मुद्दा
मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार के तुष्टिकरण नीति के कारण संथाल परगना की डेमोग्राफी बदल गयी है। स्कूल में प्रार्थना पर रोक लगा दिया जाता है, तो विधानसभा में नमाज कक्ष बना दिया जाता है। भाजपा की सरकार बनी तो घुसपैठियों के साथ उन्हें बसाने वालों को भी नहीं छोड़ेगी।

वाजपेयी ने सुनी थी झारखंडियों की आवाज
मरांडी ने कहा कि कांग्रेस के कई प्रधानमंत्री हुए लेकिन झारखंडियों की आवाज अटल बिहारी वाजपेयी बने और अलग राज्य के सपने को साकार किया। नरेन्द्र मोदी के शासन काल में पहली बार आठ आठ आदिवासी को केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्थान दिया गया।

अंतरिक्ष में विश्वगुरू बना भारत
आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संताल क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया। रेलवे का विस्तारीकरण हुआ, देवघर में एम्स, एयरपोर्ट दिया, जसीडीह इफको का कारखाना बन रहा है।

चंद्रयान तीन के चांद पर पहुंचने पर कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष में विश्वगुरु बना। इसके पूर्व अटल बिहारी वाजपेयी ने परमाणु परीक्षण करके देश की शान बढ़ाई थी।

कार्यकर्ताओं से गुटबंदी छोड़ने की अपील
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में विकास की चर्चा होती है, जबकि कांग्रेस जेएमएम, राजद की सरकार में लूट और भ्रष्टाचार की चर्चा होती है।

बाबूलाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वह आपसी गुटबंदी छोड़कर लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जुट जाएं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version