पटना। इंडिया गठबंधन को घमंडिया शब्द से संबोधित करना केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के अहंकार को दर्शाता है। विपक्षी दलों ने एकजुट होकर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। इससे प्रधानमंत्री को घबराहट है। यह बात शुक्रवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिक मंत्री सुमित कुमार सिंह ने प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार में बिहार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान से युवाओं को रोजगार देने का जो वादा किया था वह आज साकार होता दिख रहा है। बिहार सरकार के कई विभागों में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा विभाग में क्रांतिकारी बदलाव आया है। आज बिहार के अंदर मात्र 10 रुपये में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की व्यवस्था सरकार ने की है और इस वर्ष के बिहार पाॅलिटेक्निक काॅलेज में 100 फीसदी सीट पहले काउंसलिंग की प्रक्रिया में ही भर चुका है। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान तथ्यों के अभाव में जानकारी प्रस्तुत करने का काम करते हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में कानून व्यवस्था कायम है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version