नई दिल्ली। अमेरिकी कंपनी बोइंग ने भारतीय सेना को दिए जाने वाले अपाचे हेलीकॉप्टर का उत्पादन शुरू कर दिया है। रक्षा विनिर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी कुल छह एएच-64ई अपाचे हेलीकॉप्टर भारतीय सेना को सौंपेगी। अपाचे के धड़ का निर्माण हैदराबाद में टाटा बोइंग एयरोस्पेस लिमिटेड सुविधा में किया गया है।
अमेरिकी कंपनी बोइंग ने बुधवार को बताया कि उसने भारतीय सेना को सौंपे जाने वाले अपाचे हेलीकॉप्टर का उत्पादन एरीजोना के मेसा में शुरू कर दिया है। भारतीय सेना को अपाचे हेलीकॉप्टर की आपूर्ति 2024 तक निर्धारित है। एएच-64 अपाचे दुनिया के सबसे उन्नत बहुउद्देश्यीय लड़ाकू हेलीकाप्टरों में से एक है।
बोइंग इंडिया के अध्यक्ष सलील गुप्ते ने कहा कि भारत की रक्षा क्षमताओं का समर्थन करते हुए बोइंग एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने पर खुश हैं। उन्होंने कहा कि एएच-64 की उन्नत तकनीक और प्रमाणित प्रदर्शन, भारतीय सेना की परिचालन तैयारियों और उसकी रक्षा क्षमताओं को और मजबूत बनाने में मदद करेगा।
उल्लेखनीय है कि बोइंग कंपनी एक अमेरिकी बहुराष्ट्रीय निगम है, जो दुनिया भर में हवाई जहाज, रोटरक्राफ्ट, रॉकेट, उपग्रह, दूरसंचार उपकरण और मिसाइलों की डिजाइन, निर्माण और बिक्री करता है। इसके अलावा कंपनी पट्टे पर देने और उत्पाद समर्थन सेवाएं भी प्रदान करती है।