मालदा। मिजोरम में निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरने से पश्चिम बंगाल के 17 मजदूरों की मौत हो गई है। ये सभी मिजोरम में रेलवे पुल पर काम करने के लिए गए थे।

मिजोरम के सैरांग इलाके में बुधवार सुबह एक निर्माणाधीन रेलवे पुल ढह गया। आइजोल से करीब 21 किलोमीटर दूर सैरांग में 35-40 मजदूर पुल पर काम कर रहे थे। सुबह करीब 10 बजे पुल अचानक ढह गया और मजदूर नीचे खाई में गिर गए। अब तक 17 मजदूरों की मौत की खबर है। हालांकि, मिजोरम पुलिस को आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बचाव कार्य जारी है।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक मिजोरम हादसे में हताहत 17 मृतक मालदा जिले के पुखुरिया थाना इलाके के रहने वाले हैं। इनमें ककलामारी के चौदुआर गांव के 11 लोग हैं। बाकी छह आसपास के गांवों के रहने वाले थे। ये सभी मिजोरम में रेलवे ब्रिज पर काम करने गए थे।

मालदा जिला प्रशासन घटना की जांच में जुट गया है। मृतक मजदूरों के परिवारों की तलाश की जा रही है। इस बीच चौदुआर गांव में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच चुके हैं। गांव में मातम पसरा हुआ है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version