पलामू। रांची में आयोजित युवा आक्रोश रैली में शामिल होने मेदिनीनगर से शुक्रवार को जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को वाहन जांच के बहाने कई जगहों पर रोका गया। लातेहार के जंगल में रोके जाने के बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कुछ देर बहस चलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के वाहन छोड़े गए लेकिन पुनः उन्हें चंदवा में रोक दिया गया। पुनः बहस और बातचीत के बाद वाहनों को जाने दिया गया। अचानक विशेष चेकिंग अभियान चलने के कारण भाजपा कार्यकर्ता परेशान रहे।

आज सुबह बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न वाहनों में सवार होकर मेदिनीनगर से रांची जाने के लिए निकले। मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के दुबियाखाड़ में पहुंचने पर जांच के लिए उनके वाहनों को रोक दिए गए। कुछ निजी वाहन भी जांच के लिए रोके गए। सभी वाहनों की डिक्की जांच की गई। यहां से जब भाजपा कार्यकर्ताओं की गाड़ियां लातेहार पहुंची तो उन्हें जंगली इलाके में रोका गया। कागजातों की जांच की गई। काफी देर तक रोके जाने पर भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क पर बैठकर धरना दिया। हंगामा होने के बाद सभी वाहनों को छोड़ गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक साजिश और प्लानिंग के तहत उनके वाहनों को जांच के नाम पर रोका गया ताकि वह विलंब से रांची आक्रोश रैली में शामिल हो या नहीं हो पाए। उनके वाहनों के साथ-साथ कुछ निजी वाहन भी रोक कर जांच की गई, ताकि मामले को कार्रवाई का रूप दिया जा सके।

भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अविनाश वर्मा ने कहा कि 22 अगस्त को मेदिनीनगर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यक्रम को लेकर सारे निजी स्कूलों के वाहन लिए गए। कहीं कोई जांच नहीं की गई लेकिन निजी स्तर पर वाहन ले जाने पर जांच बैठाई गई ताकि भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान किया जाए और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने से रोका जाए। वाहन में सवार लोगों से पूछा जा रहा था कि रैली में जा रहे हो और रोक दिया जा रहा था। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार की तानाशाही ज्यादा दिन नहीं चलने वाली। विधानसभा चुनाव में इस मनमानी का जवाब जनता जरूर देगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version