-बाबूलाल मरांडी ने माला पहना सदस्यता दिलायी
-शिवराज सिंह चौहान और हिमंता बिस्वा सरमा ने गर्मजोशी से किया स्वागत
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। पूर्व मुख्यमंत्री ‘कोल्हान टाइगर’ चंपाई सोरेन औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गये। प्रदेश भाजपा की तरफ से धुर्वा गोलचक्कर के शाखा मैदान में शुक्रवार को आयोजित अभिनंदन सह मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पहले गर्मजोशी से चंपाई सोरेन का स्वागत किया, फिर उन्हें सदस्य बनने का पत्र सौंपा। इस असवर पर झारखंड के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और सह-प्रभारी हिमंता बिस्व सरमा मंच पर मौजूद थे और उन दोनों ने गर्मजोशी से चंपाई सोरेन का स्वागत किया। उनके गले में भाजपा के चिह्नवाला पटका पहनाया।
इसके साथ ही चंपाई सोरेन ने पुत्र बाबूलाल सोरेन और अपने हजारों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी सहित भाजपा के कई सांसद और विधायक मंच पर उपस्थित थे। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते समय अपने स्वागत से अभिभूत चंपाई सोरेन कुछ समय के लिए भावुक भी हो गये। चंपाई सोरेन को झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन का सबसे निकट सहयोगी माना जाता था। उन्होंने बुधवार को झामुमो की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी थी।