रांची। पिछले कुछ दिनों के दौरान राज्य में अच्छी बारिश देखने को मिली है। मानसून सक्रिय होने से लोगों राहत मिली है। वहीं, राज्य की प्रमुख नदियों के जलस्तर में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। जहां स्वर्णरेखा और खरकई जैसी नदियों के जलस्तर में वृद्धि देखी जा रही है। ये नदियां डेंजर लेवल पर पहुंचने वाली है। 15 अगस्त तक राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आने वाले दिनों में भारी बारिश होने पर इन नदियों पर असर देखा जायेगा। संभावना व्यक्त की गयी है कि इन नदियों का पानी डेंजर लेवल पार कर सकता है। नदियों के जलस्तर के संबंध में जिला प्रशासन की ओर से दिनभर में दो बार रिपोर्ट जारी की जा रही है। फिलहाल स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 116.82 मीटर है, जबकि इसका डेंजर लेवल 121.50 मीटर है। वहीं, खरकई नदी का जलस्तर 126.29 मीटर है, जबकि इसका डेंजर लेवल 129.0 मीटर है। अगर इसी तरह की वर्षा होती रही तो डेंजर लेवर पार होने में समय नहीं लगेगा। ऐसे में नदियों के आस पास रहने वाले लोगों को सर्तक किया गया है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
झारखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में धनबाद, देवघर, दुमका, चतरा, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा और साहिबगंज में भारी बारिश हो सकती है। लोगों से बेवजह बाहर नहीं निकलने की अपील की गयी है। झारखंड में चक्रवात बनने की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 11 से 15 अगस्त तक राज्य तक उत्तर पूर्वी और उत्तरी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ हिस्सों में तेज बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो अगस्त महीने में राज्य में बारिश में इजाफा दर्ज किया गया है।