रांची। केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने पुलिस की ओर से उन पर करायी गयी एफआइआर पर प्रतिक्रिया दी है। श्री सेठ ने कहा है कि मुझ पर करायी गयी एफआइआर बेसलेस है, सरकार को मेरे प्रदर्शन में शामिल होने का सबूत देना चाहिए या फिर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने कार्यकर्ता धर्म और संविधान के धर्म का पालन किया है। कार्यकर्ता होने के नाते मैं पार्टी की सभा में गया था। वहां भाषण दिया। वहां धारा 144 लागू नहीं थी।
सभा में शामिल होने के बाद मैं वहां से निकल गया था। संवैधानिक धर्म के तहत मैंने प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लिया। वहां इतने कैमरे लगे थे। प्रदर्शन में शामिल होने की मेरी एक भी तस्वीर सरकार दिखा दे। मैं इस एफआइआर को चुनौती दूंगा। गौरतलब है कि शनिवार को राज्य की हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा समेत 51 नामजद और 12,000 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला रांची में युवा आक्रोश रैली से जुड़ा है। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि मजिस्ट्रेट के बयान पर रांची के लालपुर थाने में एफआइआर दर्ज कर ली गयी है।