संदिग्ध आतंकी के पास से बरामद डिजिटल एविडेंस की हो रही फॉरेंसिक जांच
रांची। आतंकी संगठन अलकायदा इंडियन सब कंटिनेंट (एक्यूआइएस) से जुड़े होने के संदेह में झारखंड से आठ लोगों को हिरासत में लिया गया था। इनमें से पांच संदिग्धों की विधिवत गिरफ्तारी हो गयी है। एटीएस ने सभी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंप दिया है। वहीं गिरफ्तार अलकायदा संदिग्धों के पास से बरामद डिजिटल एविडेंस की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। इससे कई चीजें सामने आ सकती हैं। वहीं इधर डॉ इश्तियाक का किससे कनेक्शन है, इसकी जांच भी की जा रही है। जांच में अब तक उजागर हुआ है कि डॉ इश्तियाक अहमद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के आतंकियों से जुड़ा हुआ था। वह भारत को अस्थिर करने के लिए नेटवर्क तैयार कर रहा था।
आतंकियों का ट्रेनिंग सेंटर खोलना चाहता था डॉक्टर
जानकारी के अनुसार, बरियातू से गिरफ्तार आतंकी गिरोह का मास्टर माइंड डॉ इश्तियाक रांची के चान्हो के जंगल में आतंकियों का प्रशिक्षण केंद्र खोलने वाला था। इसके लिए उसने जमीन भी देख ली थी, जिसमें एक मदरसा संचालक मुफ्ती उसकी मदद कर रहा था। इस प्रशिक्षण केंद्र में आतंकियों को हथियार का प्रशिक्षण दिलाया जाना था। इसके लिए वह हथियार भी जुटाने लगा था। डॉ इश्तियाक मुस्लिम युवाओं को बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर अपने जाल में फांसता था। उसने दो दर्जन से अधिक युवाओं को राजस्थान के आतंकी प्रशिक्षण केंद्र में हथियार चलाने का प्रशिक्षण दिलवाया था। राजस्थान में भिवाड़ी में जहां से संदिग्ध आतंकी पकड़े गये हैं, वहां से एके 47 सहित कई आग्नेयास्त्र और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।
भोपाल से मुफ्ती की उपाधि ली थी रहमतुल्लाह ने
एटीएस ने मुफ्ती रहमतुल्लाह को गिरफ्तार किया है। रहमतुल्लाह ने चान्हो के टांगर से प्रारंभिक शिक्षा ली थी। इसके बाद कांके के मदरसे में उसने पढ़ाई की और चतरा चला गया। उसने सहारनपुर से मौलाना की डिग्री ली थी। भोपाल से मुफ्ती की डिग्री हासिल करने के बाद वह लौटा, और बानो के बानीपीड़ी मदरसे में कुछ दिनों तक बच्चों को पढ़ाया। बाद में वह चान्हा लौट गया। चान्हो के चटवल में जमीयतुल मोहसिनात मदरसा में पढ़ाने लगा। 2019 में यह मदरसा शुरू हुआ। इसका संचालन 17 सदस्यीय कमेटी करती है। यह मदरसा एकांत में जंगल में अवस्थित है। उसके आसपास एक किलोमीटर दूर तक कोई घर नहीं है। इसी से मदरसे के बारे में संदेह पैदा होता है।
बबलू खान से गहरा संबंध रहा है इश्तियाक का
डॉ इश्तियाक का बरियातू के बबलू खान से गहरा संबंध रहा है। लेक व्यू नर्सिंग होम का संचालन बबलू खान कर रहा था। इडी ने बबलू खान को समन जारी कर 26 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया है। इडी यह पता कर रही है कि लेक व्यू नर्सिंग होम में डॉ इश्तियाक हमद का पैसा तो नहीं लगा है। बता दें कि बबलू खान अफसर अली का भाई है। अफसर अली जमीन घोटाले में जेल में बंद है। वह रिम्स में रेडियोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत था।
इन पांच लोगों को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंपा
डॉ इश्तियाक अहमद : पिता गुलाम मुस्तफा, बरियातू, रांची।
फैजान अहमद : पिता अब्दुल रसीद, लोहसिंघना, हजारीबाग।
मतिउर रहमान : पिता इब्राहिम अंसारी, पिपराटोली, चान्हो, रांची।
रिजवान बाबर : पिता मोहम्मद मोमन, बलसोकरा, चान्हो, रांची।
मुफ्ती रहमतुल्ला : पिता मोहम्मद खलील, चटवल, चान्हो।