दो टूक कहा-राजधानी में रहना है, तो कार्यशैली सुधारें
रांची। डीजीपी अनुराग गुप्ता स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर अनुपम कच्छप की हत्या की जानकारी मिलते ही शनिवार को रिम्स पहुंचे। डीजीपी ने अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने स्पष्ट तौर पर रांची जिला में पदस्थापित पुलिसकर्मियों को हिदायत और चेतवानी देते हुए कड़े लहजे में कहा कि रांची की स्थिति पर उनकी पैनी नजर है और कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं होगी। रांची में रहनेवाले पुलिसकर्मी अपनी कार्यशैली सुधारें या रांची से हटने को तैयार रहें।
स्पेशल ब्रांच के दारोगा अनुपम की हत्या पर उन्होंने कहा कि जांच में कोई कोताही नहीं बरती जायेगी और जो भी दोषी होंगे उन्हें पकड़ा जायेगा। इसके बाद डीजीपी अनुराग गुप्ता रांची समाहरणालय स्थित एसएसपी आॅफिस पहुंचे, वहां पुलिस पदाधिकारी और जिले के सभी थानेदारों के साथ विधि व्यवस्था को लेकर बैठक की।
एसआइटी का गठन किया गया: एसएसपी
एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि हत्या को लेकर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया है, जिसमें कई डीएसपी और थानेदार को एसआइटी में शामिल किया गया है। रांची एसएसपी ने बताया कि 10 लोग लाइन होटल में खाना खाने गये थे। इसके बाद ही घटना को अंजाम दिया गया है। गोली मार कर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। प्रथम दृष्टया हत्या लूटपाट के इरादे से नहीं हुई है। आपसी रंजिश और पुराना विवाद में हत्या की आशंका है। शक के आधार पर तीन लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।