आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड राज्य आवास बोर्ड ने नेशनल महिला हॉकी टीम की प्लेयर्स सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को हरमू (रांची) में जमीन देने का फैसला लिया है। इस जमीन पर वे दोनों घर बना सकती हैं। मंगलवार को बोर्ड मुख्यालय में आयोजित बोर्ड की 74वीं बैठक में इस संबंध में आये प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया। बोर्ड के चेयरमैन संजय लाल पासवान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 19 प्रस्ताव लाये गये। इसके अलावे पांच अन्यान्य प्रस्ताव भी आये।
बैठक के बाद चेयरमैन ने मीडिया को जानकारी देते बताया कि सलीमा टेटे और निक्की प्रधान जैसी महिला हॉकी खिलाड़ी को हरमू में सरकारी कोटे से घर बनाने के लिए जमीन देने का प्रस्ताव अनुमोदित कर दिया गया है। दोनों को 3750-3750 वर्ग फीट जमीन का आवंटन होगा। इसके अलावा महत्वपूर्ण प्रस्तावों में बोर्ड मुख्यालय के सामने स्थित जमीन पर फाइव स्टार होटल बनाये जाने का भी मामला है। इसका अनुमोदन कर दिया गया है। इसके लिए विज्ञापन जारी होगा। ज्वाइंट वेंचर में संचालन किया जायेगा। इसके अलावा बोर्ड मुख्यालय के करीब (हरमू) की ही जमीन पर आवास, दुकान निर्माण का भी प्रयास किया जायेगा।
संजय लाल पासवान ने जानकारी दी कि राज्य भर में बोर्ड के स्तर से ऐसे लोगों पर भी एक्शन लिया जाना है जो आवंटित आवास, संपदाओं का कॉमर्शियल यूज कर रहे। राज्य भर में ऐसे 294 लोगों की सूची तैयार की गयी है। एक सप्ताह के अंदर उन्हें आवंटित संपदा को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। साथ ही बोर्ड के स्तर से धनबाद, हजारीबाग, जमशेदपुर, रांची में तैयार फ्लैट के ई- लॉटरी के जरिए आवंटन की प्रक्रिया अपनायी जायेगी।