रांची। रांची में अपराधियों का मनोबल किस कदर बढ़ गया है। इसका एक उदाहरण एक बार फिर दिखा। अपराधियों ने स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर अनुपम कच्छप की गोली मारकर हत्या कर दी। उनका शव शनिवार की सुबह कांके थाना क्षेत्र में रांची रिंग रोड से बरामद हुआ।
तेजतर्रार सब इंस्पेक्टर अनुपम की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। स्पेशल ब्रांच के आइजी, डीआइजी, रांची पुलिस के डीआइजी, एसएसपी समेत कई अधिकारी रिम्स पहुंचे। रांची के डीआइजी अनूप बिरथरे ने बताया कि कांके रिंग रोड स्थित इंडियन ढाबा से लौटते वक्त अनुपम की हत्या की गयी। अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
मूल रूप से खूंटी जिला निवासी अनुपम अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए कांके रिंग रोड स्थित एक ढाबे पर गये थे। रात करीब एक बजे तक पार्टी चली। रात करीब दो बजे अनुपम अपनी बाइक से अकेले निकले। इस दौरान अपराधियों ने अनुपम की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद रिम्स में पोस्टमार्टम कराया गया।