रांची। राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित हेसल में अफीम से ब्राउन शुगर बनाये जाने का कारोबार करीब छह महीने से चल रहा था। स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं थी। खूंटी पुलिस के समक्ष आरोपी ने इसका खुलासा किया है। आरोपी करीब दो वर्ष से मादक पदार्थ तस्करी का काम कर रहा है। बताया जा रहा है कि आपस में सभी रिश्तेदार भी है। खूंटी, तमाड़, चतरा से अफीम खरीद चौपरण के रास्ते राजस्थान-पंजाब समेत अन्य राज्य भेजता था। इसी वर्ष फरवरी में ब्राउन शुगर बनाने का काम शुरू किया। 10 किलो अफीम में 1 किलो ब्राउन शुगर तैयार किया जाता था। इसमें चूना, केमिकल का इस्तेमाल किया जाता था। इंटर स्टेट गिरोह से जुड़े आरोपी ब्राउन शुगर बनाकर अन्य राज्यों में भेजता था। इस मामले में कई और लोगों के नाम सामने आये हैं। कई मोबाइल नंबर भी पुलिस को मिले हैं। खूंटी एसपी अमन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ होगी। कुछ लोगों के नाम सामने आये हैं। रिमांड पर पूछताछ के बाद गिरोह के नेटवर्क तक पहुंचने में मदद मिलेगी, ताकि इस कारोबार के सप्लाई चेन को तोड़ा जा सके।
ऐसे पकड़ाया नशे का कारखाना
खूंटी के अड़की थाना क्षेत्र के हुंठ के पास अफीम की खरीद-बिक्री होने की सूचना पर पुलिस की टीम को मिली। पुलिस एंबुलेंस से क्रेटा कार सवार चतरा जिला के इटखोरी थाना क्षेत्र के नगवां निवासी तुलेश्वर कुमार, वीरेंद्र कुमार दांगी और हजारीबाग जिला के चौपारण थाना क्षेत्र के जोकट गांव निवासी उमेश कुमार दांगी उर्फ साजन कुमार को पकड़ा। साथ ही अफीम के साथ मारंगहादा थाना क्षेत्र के बिचागुटू निवासी सनिका पाहन को भी गिरफ्तार किया गया। कार सवार लोगों से अनगड़ा थाना क्षेत्र के हेसल स्थित उमेश दांगी के घर में ब्राउन शुगर बनाये जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम ने हेसल में छापेमारी की।