इस्लामाबाद। पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कराची में हवाई फायरिंग की घटनाओं ने जश्न को मातम में बदल दिया। 14 अगस्त के मौके पर शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों ने हवा में गोलियां चलाईं। इन घटनाओं में गोली लगने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि कम से कम 94 लोग घायल हुए हैं। एधी फाउंडेशन के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है।
महिलाओं और बच्चों समेत 94 लोग घायल
एधी फाउंडेशन के मुताबिक, घायलों में 10 महिलाएं और 17 बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को कराची के जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सेंटर, सिविल अस्पताल और अब्बासी शहीद अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
अस्पतालों की ओर से शुक्रवार सुबह जारी जानकारी के अनुसार, अब्बासी शहीद अस्पताल में 24 घायल पहुंचे, जिनमें एक महिला, चार बच्चे और 19 पुरुष शामिल हैं। जिन्ना अस्पताल में 35 लोगों का इलाज किया गया, जिनमें तीन बच्चे, चार महिलाएं और 28 पुरुष हैं। वहीं सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में 26 घायलों का उपचार किया गया। इनमें 10 बच्चे, चार महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं।
कई इलाकों में हुई हवाई फायरिंग
अधिकारियों के अनुसार, लियारी, सदर, कोरंगी, मालिर, अजीजाबाद, नॉर्थ नाजिमाबाद, नाजिमाबाद, गुलबहार, गुलशन-ए-इकबाल, ओरंगी टाउन, जमशेद क्वार्टर्स और डिफेंस कॉलोनी समेत कई इलाकों में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हवाई फायरिंग की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कराची के पूर्वी, पश्चिमी और मध्य जिलों से 30 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां ख्वाजा अजमेर नगरी, समनाबाद, रिजविया सोसाइटी और सर सैयद थाना क्षेत्रों से की गईं। पुलिस के मुताबिक, कई आरोपितों के पास से हथियार भी बरामद हुए हैं।
गोली लगने से महिला की मौत
पुलिस के अनुसार, हवाई फायरिंग के दौरान गोली लगने से घायल एक महिला की अब्बासी शहीद अस्पताल में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार व्यक्ति मृतका का चचेरा भाई है।
पहले भी सामने आती रही हैं ऐसी घटनाएं
कराची में स्वतंत्रता दिवस के दौरान हवाई फायरिंग की घटनाएं पहले भी लोगों की जान पर भारी पड़ चुकी हैं। वर्ष 2025 में ऐसी घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि कम से कम 75 लोग घायल हुए थे। वहीं 2024 में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हवाई फायरिंग में करीब 95 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
आधी रात से शुरू हो गया था जश्न
रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही रात के 12 बजे और 14 अगस्त की शुरुआत हुई, कराची के लोग पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए सड़कों और घरों की छतों पर पहुंचने लगे। इस दौरान कई जगहों पर आतिशबाजी के साथ हवाई फायरिंग भी की गई।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देशवासियों को दी बधाई
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। इस्लामाबाद में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने देश की स्थापना के लिए बलिदान देने वाली पीढ़ी को याद किया।
शहबाज शरीफ ने पानी के मुद्दे को पाकिस्तान के लिए बेहद संवेदनशील बताते हुए कहा कि यदि भारत की ओर से पानी के मामले में कोई गड़बड़ी की गई तो उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता युवा पीढ़ी के लिए विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।



