रांची: शारदीय नवरात्र के छठे दिन मंगलवार को मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना की गयी। मां के दर्शन को तरस रहे भक्तों की मुराद पूरी हुई। जैसे ही शहर के कुछ पूजा पंडालों के पट खुले भक्तों ने मां के नयनाभिराम रूप के दर्शन किये। मां के जयकारे से पूजा पंडाल गूंज उठा। हालांकि शहर के अधिकतर पंडालों के पट सप्तमी को खुलेंगे। पूजा पंडालों की तैयारी अंतिम चरण में है। कारीगर दिन-रात काम में जुटे हुए हैं। पंडाल और प्रतिमा को सजाया और संवारा जा रहा है।
आज दिखेगा मां कालरात्रि का स्वरूप
सातवीं शक्ति कालरात्रि की पूजा अर्चना बुधवार को होगी। मां कालरात्रि का शरीर घने अंधकार की तरह एकदम काला है। मां कालरात्रि का स्वरूप देखने में अत्यंत भयानक है, लेकिन यह अत्यंत शुभ फल देनेवाला है। इसलिए इनका एक नाम शुभंकरी है।
संग्राम क्लब में दिखेगा चलो हरियाली की ओर का थीम
कचहरी चौक स्थित संग्राम क्लब दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस बार चलो हरियाली की ओर थीम पर आधारित पूजा पंडाल बनाया गया है। बुधवार को संग्राम क्लब के द्वारा स्थापित मां दुर्गा के पूजा पंडाल प्रांगण में राज्य के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह एवं रांची सांसद रामटहल चौधरी द्वारा पौधरोपण तथा पौधा वितरण किया जायेगा। समिति के संरक्षक डॉ प्रणव कुमार बब्बू ने बताया कि पूजा प्रांगण में पौधों के वितरण का उद्देश्य लोगों को प्रकृति, पर्यावरण, धरती, वृक्ष, जंगली जानवरों आदि का महत्व बताना है। क्लब के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि औपचारिक रूप से मां भवानी के भव्य पूजा पंडाल को बुधवार की शाम सात बजे भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिया जायेगा।
मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा और पंडाल में अदभुत कारीगरी देखनी है तो आपको पीएचइडी कॉलोनी बूटी मोड़ आना होगा। यहां पारंपरिक तरीके से पूजा की जाती है। कई मायनों में यहां की पूजा इस बार खास है। यहां पर आकर्षक विद्युत सज्जा भी आपको लुभायेगी। खासतौर पर पार्किंग की किचकिच भी नहीं होनेवाली है। पार्किंग की सुगम व्यवस्था की गयी है। लजीज खाने-पीने के स्टॉल भी लगाये गये हैं। पूजा समिति के अध्यक्ष उमेश कामदार बताते हैं कि यहां शिवमंदिर दुर्गापूजा समिति की ओर से 1975 से पूजा की जा रही है। यह 42वां वर्ष है। महासप्तमी को पट खुलेगा।

मां का पट खोलने के लिए किसी सेलिब्रिटी या फिर नामचीन को आमंत्रित नहीं किया गया है। निर्धारित समय पांच बजे जो भी रिक्शाचालक नजर आयेगा, उसे पूजा का पट खोलने के लिए आमंत्रित किया जायेगा। बताया कि इस बार साफ-सफाई पर भी फोकस किया गया है। पूजा के सफल संचालन में संरक्षक सुरेश सिंह, आदित्य कुमार श्रीवास्तव, वेदनारायण शर्मा, लक्ष्मण सिंह, अमरनाथ तिवारी कार्यकारी अध्यक्ष संजीय तिवारी, सचिव संजीव कुमार उपाध्याय, उपाध्यक्ष मनीष कुमार गौतम समेत जुनूनी कार्यकर्ताओं की टोली जुटी हुई है। अध्यक्ष ने बताया कि नवमी को खिचड़ी महाप्रसाद का भोग वितरण किया जायेगा। इसके अलावा दशमी को भंडारा का आयोजन भी होगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version