जमशेदपुर। गोलमुरी थाना अंतर्गत टिनप्लेट कदानी रोड में बुधवार की दोपहर करीब 12.30 बजे चार बदमाशों ने कुरियर कंपनी रेडियल कैस मैनेजमेंट सर्विस के कर्मचारी बागबेड़ा कीताडीह निवासी सुजीत मुंडा से 5.54 लाख रुपए लूट लिया। सूरज मुंडा स्कूटी पर सवार था। बदमाशों ने उसे रोका फिर मारपीट कर रुपए से भरा बैग छिन लिया।
हल्ला करने पर बंदूक दिखा जान से मारने की दी धमकी : सूरज के अनुसार, बदमाशों के पास पिस्तौल भी था। हल्ला करने पर बदमाशों ने बंदूक का भय दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक पर सवार हो कर फरार हो गए। पीड़ित सुजीत मुंडा ने इसकी जानकारी बगल के अमेजन के कार्यालय में दी। जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। जानकारी मिलने पर डीएसपी (सिटी) अनुदीप सिंह समेत गोलमुरी, बिरसानगर और सिदगोड़ा थाना की पुलिस पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।
रुपये लेकर जमा करने जा रहा था बैंक : घायल सुजीत मुंडा के अनुसार, वह सुबह करीब पौने ग्यारह बजे घर से निकला। वह कलेक्शन का काम करता है। घर से निकलने के बाद सदर अस्पताल के पास हेल्थ मॉल से 4500 रुपए लिया। फिर संकटा सिंह पेट्रोल पंप से 3.11 लाख रुपए कैश लिया। संकटा सिंह पेट्रोल पंप से रुपए लेने के बाद वह टिनप्लेट कदानी रोड स्थित अमेजन के कार्यालय से 2.48 लाख रुपए लिया। सारे रुपए को बैंक में जमा करना था। अमेजन से रुपए लेने के बाद वह स्कूटी से कुछ दूर बढ़ा ही था कि सुनसान स्थल पर चार युवकों ने रोक लिया। सुजीत ने बताया कि बैग में 5.54 लाख रुपए था। संभवत: बदमाश पीछा कर रहे थे। हालांकि इसका आभास नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।
सदर अस्पताल और संकटा सिंह पेट्रोल पंप जांच के लिए पहुंची पुलिस : घटना के बाद पुलिस पीड़ित सुजीत मुंडा को साथ में लेकर घटनास्थल से जुगसलाई संकटा सिंह पेट्रोल पंप और सदर अस्पताल पहुंची। जहां पुलिस ने पीड़ित सुजीत मुंडा द्वारा रुपए लेने की जांच की। जांच में मामला सही पाया गया। घटना के बाद पुलिस ने आस पड़ोस और मेन रोड में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। हालांकि देर शाम तक पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।