लातेहार। अनाथ बच्चियों की सुरक्षा और पालन के लिए लातेहार जिला प्रशासन द्वारा बनाया गया गुरुकुल इन दिनों असुरक्षित हो गया है। गुरुकुल से दो नाबालिग लड़कियां शुक्रवार की सुबह से गायब हैं। लड़कियों के गायब होने से गुरुकुल प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है। इस संबंध में गुरुकुल प्रबंधन में कार्यरत लोगों का कहना है कि लड़कियां भाग गयी हैं। रसोइया ने बताया कि वह सुबह जब उठी, तो उसका मोबाइल भी गायब था, जो कि चार्ज में लगा था। इसके बाद दोनों लड़कियों की काफी खोजबीन की गयी, पर कुछ पता नहीं चल सका। बताया जाता है कि दोनों लड़कियों को गत माह बाल कल्याण समिति ने गुरुकुल प्रबंधन को सौंपा था।। दोनों लड़कियों को मानव तस्करी से मुक्त कराया गया था। वहीं काफी खोजबीन के बाद भी जब लड़कियों का पता नहीं चला, तो गुरुकुल के आचार्य नारायण प्रसाद और सहयोगी कार्यकर्ता सुरेंद्र उरांव ने सदर थाना को सूचित किया।
इधर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा हो जायेगा। विषम परिस्थितियों में गुजर बसर करनेवाले अनाथ एवं बेसहारा बच्चों के लिए जिला प्रशासन द्वारा संचालित गुरुकुल (राजहार, लातेहार) से दो नाबालिग लड़कियों के भाग जाने की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार संगीता कुमारी पिता सत्यनारायण उरांव, (जुंगूर, पल्हैया, मनिका) को बाल कल्याण समिति ने 24 मार्च, 2018 को देखभाल के लिए गुरुकुल प्रबंधन को सौंपा था। वहीं, रेशमी कुमारी, (पिता सरूला मुंडा, पतराटोली, अक्शी, महुआडांड़) को 5 सितंबर, 2018 को बाल कल्याण समिति ने गुरुकुल प्रबंधन को सौंपा था। दोनों लड़कियां 14 सितंबर की सुबह गुरुकुल से भाग गयीं।