रांची। डीजल, पेट्रोल और गैस की कीमतों में हो रही वृद्धि और रुपये के गिरते भाव के खिलाफ कांग्रेस द्वारा 10 सितंबर को आहूत भारत बंद का विपक्षी दलों ने समर्थन किया किया है। झाविमो के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि सभी जिलाध्यक्ष, प्रमुख नेता और कार्यकर्ता बंद को पूरे राज्य में शांतिपूर्वक सफल बनायें। उन्होंने कहा कि झाविमो इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकेगा। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमत कम होने के बावजूद देश में तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। भाजपा सरकार ने मई 2014 से लेकर पेट्रोल पर 210 फीसदी और डीजल पर 444 फीसदी उत्पाद शुल्क में बढ़ोत्तरी की है। वहीं गैस सिलेंडर के दाम को दोगुना कर दिया गया है। महंगाई से जनता त्राहिमाम कर रही है। महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है। उन्होंने कहा कि बंद के माध्यम से हम विपक्षी दल दबाव बनायेंगे कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी हो और पेट्रोलियम उत्पादों को जीएसटी के दायरे में लाया जाये।

झारखंड प्रदेश राजद की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी।

आम जनता का जीना हुआ मुश्किल: अन्नपूर्णा
वहीं झारखंड प्रदेश राजद की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है, लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं। घरेलू गैस की कीमत लगभग दोगुनी हो गयी है। इससे आम अवाम का जीना मुश्किल हो गया है। खाद्य सामग्री की कीमतें भी बढ़ रही हैं। इस कारण गरीब, खेतिहर, मजदूर, किसान सहित सभी इस सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त हैं। सरकार की इस जनविरोधी नीति के खिलाफ 10 तारीख के बंद को राष्ट्रीय जनता दल का पूर्ण समर्थन रहेगा।

महंगाई से सभी वर्ग के लोग त्रस्त : झामुमो
डीजल, पेट्रोल और गैस की कीमतों में हो रही वृद्धि और रुपये के गिरते भाव के खिलाफ कांग्रेस द्वारा 10 सितंबर को आहूत भारत बंद का विपक्षी दलों ने समर्थन किया किया है। इस बाबत झामुमो केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि भारत बंद आम जनहित में लिया गया फैसला है। महंगाई से सभी वर्ग के लोग त्रस्त है। इस बंद में झामुमो अपनी भूमिका किस तरह निभायेगा, इसकी घोषणा शनिवार को पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर की जायेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version