रांची। शिक्षक दिवस के अवसर पर रांची विश्वविद्यालय ने भी अपने शिक्षकों को सम्मानित कर पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन को मनाया। इस अवसर पर आर्यभट्ट सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में आयोजित यह शिक्षक सम्मान समारोह कई मायनों में खास रहा। क्योंकि आरयू ने अपने विश्वविद्यालय के उन शिक्षकों को सम्मानित किया, जो रिटायर्ड हो चुके हैं। रांची विवि ने विश्वविद्यालय के रिटायर्ड हुए सभी शिक्षकों को आमंत्रित किया था। इसी आमंत्रण के बाद सभी शिक्षक समारोह में पहुंचे और सम्मानित होकर काफी खुश दिखे। मौके पर विश्वविद्यालय के वीसी रमेश कुमार पांडेय ने कहा कि आज का दिन काफी अहम है। शिक्षक के बिना राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं और शिक्षकों को सम्मान देना ही सबसे बड़ा सम्मान है। कहा कि अगर मुझसे इस पद में रहते हुए कोई गलती हो गयी हो, तो मुझे आप शिक्षक माफ करेंगे और मार्गदर्शन देंगे। गलती को सुधारने की कोशिश करूंगा।
सम्मान के साथ किया गया नमन : विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों के शिक्षक, विभागाध्यक्ष सहित अंगीभूत कॉलेजों के प्रोफेसर भी शामिल हुए। साथ ही सभी शिक्षकों को विश्वविद्यालय ने सम्मानित किया और नमन किया।