जमशेदपुर। जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे चरण के दूसरे दिन शुक्रवार को अगले पड़ाव के लिए निकले मुख्यमंत्री रघुवर दास का जमशेदपुर के मानगो में जोरदार स्वागत हुआ। मुख्यमंत्री ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए जहां अपने पांच साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनायीं और लोगों से आशीर्वाद मांगा, वहीं वह झामुमो और कांग्रेस पर निशाना साधते रहे। उन्होंने झामुमो को झारखंड मुद्रामोचन पार्टी की संज्ञा दी।
मुख्यमंत्री ने लोगों का प्रेम और समर्थन के लिए आभार जताया और अखंड और उन्नत झारखंड का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवारवाद और जातिवाद से राज्य का भला नहीं होनेवाला है। उन्होंने लोगों से मिल कर झारखंड को परिवारवाद और जातिवाद से मुक्ति दिला कर विकास के पथ पर और आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
रघुवर दास ने कहा कि लंबे समय तक राज्य ने परिवारवाद और जातिवाद का दंश झेला है। जमशेदपुर के मानगो में संपूर्ण क्रांति के प्रणेता लोकनायक जय प्रकाश नारायण की प्रतिमा को नमन कर मुख्यमंत्री ने जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की। इस मौके पर मंत्री सरयू राय भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड इकलौता राज्य है, जहां सिलेंडर के साथ गैस चूल्हा भी मुफ्त दिया जा रहा है। तीन तलाक बिल पर कहा कि भाजपा की नजर में सभी नागरिक एक समान है। अब यह नहीं चलेगा कि जब मन में आया शादी की और जब चाहा छोड़ दिया। मुस्लिम बहनें इस कानून से खुश हैं।
मुख्यमंत्री ने कश्मीर में धारा 35ए और 370 हटाये जाने पर एक बार फिर कहा कि जिन्हें यह पसंद नहीं है, वे पाकिस्तान चले जायें।
यात्रा के क्रम में पटमदा के बेलटांड चौक पर मुख्यमंत्री झामुमो और कांग्रेस पर समान रूप से हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि 14 वर्ष तक झामुमो और कांग्रेस ने गठबंधन बनाकर झारखंड को लूटा। उनकी नीयत विकास की नहीं, गरीबों को गुमराह कर भ्रष्टाचार करने की थी। कहा कि आपके आशीर्वाद से हमने गरीबों की सेवा की और बेदाग सरकार देकर झारखंड को भ्रष्टाचार के कलंक से मुक्त कराया। सीएम ने कहा कि जेएमएम यानी झारखंड मुद्रा मोचन पार्टी ने गरीबों का शोषण किया।
हमारी सरकार गरीबों, महिलाओं और नौजवानों के प्रति समर्पित सरकार है। सरकार और मेरा एक ही लक्ष्य है, हर गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना। डबल इंजन की सरकार ने डबल रफ्तार से कोल्हान का विकास किया। आपकी जरूरतों के हिसाब से विकास हुआ।
इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ सांसद विद्युतवरण महतो, जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार, सांसद संजय सेठ भी रहे।
लंबे अरसे बाद सीएम के साथ मंच पर आये सरयू राय
जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे चरण के दूसरे दिन उस समय एक सुखद क्षण तब आया, जब मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ खाद्य आपूर्ति मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मंच पर नजर आये।
Previous Articleकोयला तस्करी में लिप्त पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई
Next Article गिरिडीह में पुल धंसा, गोमो में ट्रैक पर गिरा चट्टान
Related Posts
Add A Comment