खूंटी। झामुमो के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड और आदिवासियों की रक्षा के लिए अमर शहीद बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, नीलांबर पीतांबर समेत कई वीर सपूतों ने अपनी जान दे दी। दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड के लिए संघर्ष किया, लेकिन अब भाजपा सरकार के शासन में झारखंडियों का हक और उनकी जमीन सुरक्षित नहीं है। हेमंत सोरेन गुरुवार को स्थानीय कचहरी मैदान में झामुमो की परिवर्तन यात्रा में आयी भीड़ को संबोधित कर रहे थे। हेमंत सोरेन ने कहा कि 19 साल में झारखंड में 16-17 साल तक भाजपा शासन करती रही। इन 16-17 वर्षों में भाजपा ने यहां के आदिवासियों, झारखंडियों के हक और अधिकार पर वार किया है। वन अधिकार कानून, भूमि अधिग्रहण कानून को बदल कर यहां की जमीन को छीनने का काम किया। राज्य में यदि झामुमो नहीं होता, तो सीएनटी-एसपीटी एक्ट नहीं बच पाता। उन्होंने कहा कि यहां के जल, जंगल जमीन के मालिक यहां के आदिवासी-मूलवासी हैं। भाजपा सरकार अपने राजनीतिक लाभ के लिए यहां के लोगों को जात-पात, धर्म, हिंदू-मुस्लिम, सरना-इसाई के नाम पर लड़ाने का काम किया। आदिवासियों की जमीन छीन कर लैंड बैंक बना दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने झारखंड में 51 लाख एकड़ जमीन लैंड बैंक में जमा किया है। सिर्फ खूंटी जिले में 45 हजार एकड़ जमीन लैंड बैंक के लिए ली गयी है। इन लैंड बैंक की जमीन अंबानी-अडानी को सरकार देगी। उन्होंने कहा कि बदलाव यात्रा का उद्देश्य झारखंड के शहीदों को नमन करना है। हम जल, जंगल, जमीन का मालिक बने रहें। इसके लिए हमारे शहीदों ने अपनी शहादत दी। हेमंत सोरेन ने कहा कि आज भाजपा सरकार दिशुम गुरु का भी अपमान कर रही है। आने वाले दिनों में भगवान बिरसा मुंडा, सिदो कान्हू समेत अन्य शहीदों का भी अपमान करेगी।
सदन से सड़क तक किया विरोध
हेमंत सोरेन ने कहा कि जेएमएम सदन से लेकर सड़क तक सरकार का विरोध करता है। उन्होंने कहा कि सरकार बेगुनाहों को जेल में डाल रही है। आज भी हजारों युवा जेल में बंद हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में सब कुछ आॅनलाइन हो गया है, जिससे बूढ़े-बुजुर्गों, अनपढ़ व्यक्तियों को काफी परेशानी हो रही है। शहर से लेकर गांव तक चारों तरफ निराशा ही निराशा है।
यहां के लोग भूखों मर रहे हैं, दूसरी ओर सरकारी गोदाम में अनाज सड़ रहे हैं। पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना के तहत सरकार भोले-भाले आदिवासियों को ठग कर रही है।
सरकार बनी तो तीन लाख का आवास
हेमंत सोरेन ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में सरकार बदलिए। आने वाले समय में राज्य में जेएमएम की सरकार बनेगी, तो लोगों को तीन लाख रुपये वाला आवास दिया जायेगा। उस आवास में बिजली, पानी, शौचालय और अन्य सुविधा होगी। आने वाले विधानसभा चुनाव के बाद यदि भाजपा की सरकार बनती है, तो आदिवासियों के घर और झारखंडी नाम मात्र के बचेंगे। जो बचेंगे और मजदूर बन कर रह जायेंगे।
झारखंडी अस्मिता नहीं बचेगी: पौलुस
विधायक पौलुस सुरीन ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में झारखंड के लोग त्रस्त हैं। भाजपा सरकार अंबानी- अडानी जैसे पूंजीपतियों की सरकार है। यह सरकार डंडा-गोली चला कर जेल भेजने और जमीन लूटने का काम कर रही है। शिक्षक नियुक्ति में 75 फीसदी बाहरी शिक्षकों की नियुक्ति की गयी। पारा शिक्षकों को वेतन देने का पैसा नहीं है। आंगनबाड़ी सेविका सहायिका पर लाठीचार्ज कर रही है। अबकी बार विधानसभा चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने का आह्वान उन्होंने किया।
इनकी रही मौजूदगी
जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, मकसूद अंसारी, मगन मनजीत तिडू, हेमंत गुप्ता, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील चौधरी, सुशील पाहन, गुलशन सिंह, भोला लाल, स्नेह लता कंडुलना, अजय टोप्पो, शेख फिरोज, चंद्र प्रभात मुंडा, बहादुर उरांव, शंकर सिंह मुंडा, उषा धान, पूनम बारला, ज्योति मिंज, राजेन कुजूर समेत अन्य उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version