वरीय संवाददाता
रांची। झाविमो ने जनादेश समागम से बुधवार को प्रभात तारा मैदान से चुनावी शंखनाद किया। मौके पर जेवीएम की वेबसाइट का भी उद्घाटन किया गया। मंच से अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अब नया झारखंड बनाना है। वर्ष 2019 में जनता का साथ मिला, तो पांच साल में हरखेत में सिंचाई की सुविधा होगी। गांवों में तालाब, आहर बनेंगे। किसानों को समय से बीज, खाद, उन्नत तकनीक उपलब्ध करायी जायेगी। जैविक खेती को बढ़ावा देकर झारखंड के किसानों का नाम देश पटल पर पहुंचाया जायेगा। उन्होंने कहा कि किसान चाहते हैं कि उनके बच्चे अच्छे स्कूलों में पढ़ें, इसके लिए वे कर्ज भी लेते हैं, कर्ज न चुका पाने की स्थिति में आत्महत्या तक कर लेते हैं। अगर वर्ष 2019 में झाविमो की सरकार बनती है, तो गरीब, किसान, मजदूर के बच्चों प्राइवेट स्कूलों में नि:शुल्क पढ़ सकेंगे, राज्य सरकार की ओर से इसके लिए राशि खर्च की जायेगी। गरीबों के बच्चों को प्रतिभा के अनुसार डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक बनने की दिशा में प्रशिक्षित किया जायेगा, जिसका खर्च सरकार वहन करेगी। सरकारी स्कूलों को भी गुणवत्तायुक्त बनाया जायेगा।
लघु खनिजों को ग्रामीणों को बंदोबस्त किया जायेगा
झाविमो सुप्रीमो ने कहा कि झाविमो की सरकार बनने पर लघु खनिजों की नीलामी नहीं होगी, इसे राज्य के ग्रामीणों को बंदोबस्त किया जायेगा। रैयतों से जमीन अधिग्रहित की जाती है और उसके नीचे कोयला या अन्य लौह अयस्क निकलता है, तो रैयतों को भी हिस्सा मिलना चाहिए। सरकार ने विकास के नाम पर 30 लाख एकड़ जमीन अधिग्रहित की है, लेकिन रैयतों को अबतक न्याय नहीं मिला है। झाविमो की सरकार बनती है तो पुनर्वास और विस्थापन आयोग बनाया जायेगा, जो दो वर्षो के भीतर विस्थापितों की समस्याओं का समाधान करेगी।
कोयला वाले क्षेत्रों में पावर प्लांट लगेगा
उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता का साथ मिलने पर झारखंड के लोगों का 24 घंटे निर्बाध बिजली का सपना झाविमो पूरा करेगी। जिस जगह पर कोयला खदानें हैं, वहां पावर प्लांट स्थापित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में औद्योगिक विकास के लिए बिजली की जरूरत है। औद्योगिक विकास वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर उद्योगों का जाल बिछाया जायेगा।
मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता सबा अहमद, रामचंद्र केसरी, सरोज सिंह, राजीव रंजन मिश्रा, खालिद खलिल, महिला मोर्चा की शोभा यादव, केंद्रीय सचिव संतोष कुमार, पूर्व विधायक चुन्ना सिंह, पार्टी नेतारमेश साही, प्रेमशाही मुंडा, अजीत महात्मा, अंजुला मुर्मू, अभय सिंह आदि भी मौजूद थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



