रांची। प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व में सोमवार को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से लेकर राजभवन तक मार्च निकाला गया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर लोकतंत्र की हत्या की है। आज देश की आत्मा माने जानेवाले किसान और मजदूरों को बर्बाद करने पर तुली है। भाजपा पूंजीपतियों को शीर्ष पर बैठाकर पुन: महाजनी प्रथा को देश में लागू करना चाह रही है।
पूरे देश की जनता एकजुट: बादल
कृषि मंत्री बादल ने कहा कि कृषि संबंधित तीन काले कानून के खिलाफ पूरे देश की जनता और किसान एकजुट हैं और कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन सरकार 2000 करोड़ रुपये की मदद से किसानों की कर्जमाफी के वादे को पूरा करेगी।
गुलाम बनाना चाहती है केंद्र सरकार: गीता
सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि छोटे किसान तो पहले से ही परेशान थे। ऊपर से मोदी सरकार का काला कानून किसानों को मानसिक गुलामी में भेजने की तैयारी है।
कांग्रेस के बेहतर कामों को खत्म कर रही है भाजपा: प्रदीप
विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि यह विरोध कांग्रेस का नहीं, बल्कि देश के गरीबों का है। जब से मोदी सरकार आयी है, तब से कांग्रेस के बेहतर कार्यों को खत्म किया है। 2013 में किसानों के हित में ही कांग्रेस भूमि अधिग्रहण कानून लायी थी, लेकिन मोदी सरकार ने अध्यादेश लाकर खत्म कर दिया।
पूंजीपतियों के साथ है मोदी सरकार: सुबोधकांत
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि काले कानून से यह पता चल गया है कि मोदी सरकार किसानों के साथ नहीं, बल्कि पूंजीपतियों के साथ है। जीएसटी, नोटबंदी, किसान और श्रम बिल सरकारी स्कैम या कानून स्कैम है। आज देश गरीब हो रहा है। हर क्षेत्र में समस्या बढ़ रही है। वहीं देश के चंद पूंजीपति धनवान होते जा रहे हैं।
इनकी भी रही मौजूदगी
विधायक अंबा प्रसाद, ममता देवी, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता छोटू, शशिभूषण राय, सुलतान अहमद, सन्नी टोप्पो, अमूल्य नीरज खलखो, राजेश ठाकुर समेत अन्य उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version