मुंबई । मुंबई एवं मुंबई पुलिस के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने के बाद शिवसेना की महिला इकाई अभिनेत्री कंगना रनौत के विरोध में उतर आई है। कंगना के विरोध में शुक्रवार को वरली, दादर, मालाड, बोरीवली, ठाणे, नासिक, औरंगाबाद सहित कई स्थानों पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कई जगह कंगना का पुतला भी फूंका गया।
बृह्नमुंबई नगर निगम की महापौर किशोरी पेडणेकर ने बताया कि मुंबई शहर में बहुत से अभिनेता-अभिनेत्री रहते हैं। इन लोगों में धर्मेंद्र, हेमा, रेखा, अमिताभ बच्चन का रहन-सहन, जीवनचर्या सर्वविदित है। लेकिन यह (कंगना) किसी भी कीमत पर अभिनेत्री नहीं हैं, यह तो कंलकित नेत्री है। कंगना का विरोध जारी रहेगा। अगर वह आती हैं तो मुंबई पुलिस उन पर कानूनी कार्रवाई करेगी।
करणी सेना के प्रमुख अजय शेंगर ने कहा कि कंगना को मुंबई एवं मुंबई पुलिस संबंधी बयान पर बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। अगर कंगना ने माफी नहीं मांगा तो करणी सेना उनकी किसी भी फिल्म की शूटिंग नहीं होने देगी। शेंगर ने कंगना को याद दिलाया कि उन्होंने कोल्हापुर में फिल्म पद्मावत का सेट जला दिया था।